डॉग शो :बिना एनओसी अंतर्राष्ट्रीय डॉग शो पर नगर निगम अधिकारियों ने दी चेतावनी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई) परिसर में रविवार को आयोजित अंतरराष्ट्रीय डॉग शो में उस समय हड़कंप मच गया, जब नगर निगम के अधिकारी बिना एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) के कार्यक्रम आयोजित किए जाने की सूचना पर मौके पर पहुंच गए। शो का आयोजन रोहिलखंड कैनाइन क्लब की ओर से किया जा रहा था, जिसमें विभिन्न राज्यों से सैकड़ों प्रतिभागी पहुंचे थे।

जानकारी के अनुसार नगर निगम की अनुमति लिए बिना यह कार्यक्रम शुरू कर दिया गया था। इस पर उपनगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नैन सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आयोजकों से आवश्यक दस्तावेज मांगे। उन्होंने बताया कि केनल क्लब ऑफ इंडिया (केसीआई) के नियमों के अनुसार, किसी भी डॉग शो के आयोजन से पहले नगर निगम की एनओसी लेना अनिवार्य है। एनओसी का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि परिसर की स्वच्छता, पशुओं की सुरक्षा और संक्रामक रोगों की रोकथाम के मानक पूरे किए जाएं। 

इस दौरान पशुपालन विभाग से आई चार सदस्यीय पशु चिकित्सक टीम ने प्रतिभागी श्वानों के मालिकों से वैक्सीनेशन प्रमाणपत्र मांगे। कई प्रतिभागी प्रमाणपत्र नहीं दिखा पाए, जिससे अधिकारियों ने नाराज़गी जताई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इसे नियमों का उल्लंघन बताते हुए भविष्य में ऐसी लापरवाही न दोहराने की चेतावनी दी। हालांकि, विवाद के बीच कार्यक्रम जारी रहा। 

नगर निगम टीम ने आयोजकों को केवल चेतावनी देकर छोड़ा, साथ ही अगली बार सभी अनुमति पत्र समय से लेने के निर्देश दिए। रोहिलखंड कैनाइन क्लब के पदाधिकारियों ने सफाई देते हुए बताया कि उन्होंने जिला प्रशासन से अनुमति ली थी और यह आयोजन आईवीआरआई प्रशासन की अनुमति से हो रहा था। अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में ऐसे आयोजनों में सभी विभागों की एनओसी अनिवार्य रूप से प्राप्त की जाए, ताकि किसी प्रकार की कानूनी या स्वास्थ्य संबंधी समस्या न उत्पन्न हो।

संबंधित समाचार