यूपी में है पर्याप्त खाद... कतार लगाने के बजाय सुविधानुसार इकाईयों से खाद लेने का सुझाव, किसानों को जोत के अनुपात में उपलब्ध

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार। राज्य सरकार ने किसानों को कतार लगाने के बजाय अपनी सुविधानुसार इकाईयों से खाद लेने का सुझाव दिया है। यह भी संदेश दिया है कि उत्तर प्रदेश में खाद मात्रा में पर्याप्त जो किसानों को उनकी जोत के अनुपात में उपलब्ध करायी जा रही है। स्पष्ट किया कि बीते साल की उपलब्धता 24.32 लाख मीट्रिक टन के सापेक्ष इस 1.59 लाख मीट्रिक टन अधिक खाद इस अवधि में उपलब्ध है।

कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने रविवार को विभागीय अधिकारियों के साथ खाद की ताजा उपलब्धता की समीक्षा की और अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से किसानों को आश्वस्त किया कि राज्य में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध है जिसे किसानों को उनकी जोत के अनुपात में उपलब्ध कराया जा रहा है।

कृषि मंत्री ने किसानों से अपील की है कि समितियों और बिक्री केंद्रों पर भी पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई गई है इसलिए किसान एक साथ भारी संख्या में कतार लगाने के बजाय अपनी सुविधानुसार समितियों या प्राइवेट दुकानों पर जाकर खाद ले सकते हैं। सभी किसानों को उनकी जोत के अनुसार खाद उपलब्ध करायी जाएगी।

उन्होंने कहा कि रबी 2025-26 सीजन के लिए प्रदेश में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। एमएफएमएस पोर्टल के अनुसार 2 नवंबर तक कुल 35.68 लाख मीट्रिक टन उर्वरक प्राप्त हो चुका है, जिनमें से 9.77 लाख मीट्रिक टन की बिक्री की जा चुकी है। इस प्रकार राज्य में 25.91 लाख मीट्रिक टन उर्वरक का स्टॉक किसानों की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए उपलब्ध है। यह बीते साल वर्ष की इसी अवधि में उपलब्ध मात्रा 24.32 लाख मीट्रिक टन के सापेक्ष 1.59 लाख मीट्रिक टन अधिक है।

कोआपरेटिव सोसाइटी के पास 5.27 लाख मीट्रिक टन यूरिया

कृषि मंत्री ने कहा कि रबी सीजन के लिए उर्वरकों की उपलब्धता और वितरण पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है। अभी 4.35 लाख मीट्रिक टन डीएपी उपलब्ध है, जो गत वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 1.94 लाख मीट्रिक टन अधिक है। एनपीके 4.80 लाख मीट्रिक टन उपलब्ध है। जो गत वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 2.60 लाख मीट्रिक टन अधिक है। इसके साथ ही यूरिया की उपलब्धता 12.71 लाख मीट्रिक है। इसी प्रकार एसएसपी की उपलब्धता 3.03 लाख मीट्रिक टन है। एमओपी की उपलब्धता 1.02 लाख मीट्रिक टन है। इसमें से सहकारिता (कोआपरेटिव सोसाइटी) के पास 5.27 लाख मीट्रिक टन यूरिया, 1.80 लाख मीट्रिक टन डीएपी और 1.13 लाख मीट्रिक टन एनपीके उपलब्ध है।

ये भी पढ़े :
चित्रकूट में बड़ा सड़क हादसा : बस और जीप की टक्कर में 3 भाइयों की मौत, 5 अन्य लोग घायल

संबंधित समाचार