Moradabad: बिहार नहीं जाऊंगा...वहां जंगलराज कायम, अकेले जाने पर जान का खतरा
कुंदरकी, अमृत विचार। सपा नेता मुरादाबाद पहुंचे मगर चर्चा इस बात की रही कि उनके आने की खबर पूर्व सांसद एसटी हसन को नहीं थी। यहां मीडिया से बात करते हुए आजम खान अपने चिर परिचित अंदाज में नजर आए। स्टार प्रचारक बनाए जाने के बावजूद बिहार नहीं जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि वहां जंगलराज है।
दरअसल रविवार को पूर्व कैबिनेट मंत्री मो. आजम खां और उनके बेटे अब्दुल्लाह आजम पूर्व विधायक हाजी मोहम्मद रिजवान के पैतृक आवास पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पूर्व विधायक हाजी रिजवान और उनके पिता हाजी भुल्लन व परिजनों से मिलकर उनका सांत्वना दी। कुछ दिन पहले पूर्व विधायक के छोटे भाई मोहम्मद हफीज का इंतकाल हो गया था। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने उन्हें सुरक्षा क्यों दी थी, अगर सुरक्षा दी गई थी तो पूरी तरह से दी जानी चाहिए थी।
बिहार नहीं जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि वहां जंगलराज है, लिहाजा अकेले जाने में खतरा है।इस दौरान बिलारी विधायक फहीम इरफान,हाजी भुल्लन, मुहम्मद इमरान, पूर्व विधायक प्रतिनिधि हाजी कल्लन, ज़ुबैर अहमद, मुहम्मद फैजान, मुहम्मद अजीम पाशा, ग्राम प्रधान हाजी राबिल पाशा,खलील खान आदि मौजूद रहे।
