प्रतापगढ़ : वकील की मौत से आक्रोशित साथी वकीलों ने किया कार्य बहिष्कार
प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले मे जमीनी विवाद को लेकर हुयी मारपीट मे घायल वरिष्ठ अधिवक्ता रुद्र प्रताप पांडेय की इलाज के दौरान हुयी मौत पर साथी अधिवक्ताओ ने मंगलवार को न्यायिक कार्यो का बहिष्कार किया।
लालगंज तहसील के सामने आक्रोशित अधिवक्ताओ ने धरना प्रदर्शन किया और मृतक अधिवक्ता के आश्रितो को 50 लाख रुपये की सहायता राशि, दो शस्त्र लाईसेंस और एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी देने की मांग की। उन्होने आरोपियो की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। जिले के सांगीपुर थाना अंतर्गत बवरिहा गांव निवासी अधिवक्ता रुद्र प्रताप पांडेय की इलाज के दौरान लखनऊ में सोमवार को मौत हो गयी थी।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मृतक के घर पर उपजिलाधिकारी लालगंज, अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिम) क्षेत्राधिकार लालगंज समेत थाना प्रभारी मौजूद है। अधिवक्ता पर हमला करने वाले फरार चल रहे पांच आरोपियों पर पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ डॉ दीपक भूकर द्वारा 25000-25000 रूपए का इनाम भी घोषित किया गया है।
