बाराबंकी में एक साथ जलीं परिवार की 4 चिताएं... भीषण सड़क हादसे ने ली जान, शव देखकर बेसुध हुई महिलाएं 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

बाराबंकी: अमृत विचार। बाराबंकी में सोमवार देर रात हुआ भीषण सड़क हादसा पूरे जिले ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र को गहरे सदमे में डाल गया। फतेहपुर-देवा मार्ग पर कल्याणी नदी पुल के पास तेज रफ्तार ट्रक और बिना नंबर की नई अर्टिगा कार की आमने-सामने भिड़ंत में एक ही परिवार के चार लोगों सहित आठ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। यह मंजर इतना भयावह था कि देखने वालों की रूह कांप गई।

Untitled design (72)

मंगलवार सुबह जब हादसे में मारे गए लोगों के शव पोस्टमार्टम के बाद फतेहपुर कस्बे के मोहल्ला मुंशीगंज पहुंचे, तो पूरे इलाके में कोहराम मच गया। घरों से चीख-पुकार और विलाप की आवाजें गूंज उठीं। परिजनों की चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया। प्रदीप रस्तोगी, उनकी पत्नी माधुरी रस्तोगी, पुत्र नितिन और पुत्र कृष्णा की अर्थियां एक साथ उठीं तो देखने वाले सहम गये। पुरुष बेबाक थे तो महिलाएं बेसुध होकर गिर पड़ीं। जब चारों चिताएं एक साथ जलीं तो हर किसी की आंखें नम दिखीं।

Untitled design (73)

आपको बता दें कि सोमवार देर रात फतेहपुर-देवा मार्ग पर ऐसा खून जमा देने वाला सड़क हादसा हुआ कि देखने वालों की रूह कांप गई। कल्याणी नदी पुल के पास तेज रफ्तार ट्रक और बिना नंबर की नई अर्टिगा कार में जबरदस्त भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार छह लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो घायलों ने रात में ट्रामा सेंटर में दम तोड़ दिया।

Untitled design (74)

इस तरह कार सवार सभी आठों लोगों की मौत हो चुकी है। हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक इतनी तेज रफ्तार में था कि ड्राइवर ब्रेक भी नहीं लगा सका और टक्कर के बाद कई मीटर तक घिसटता चला गया। टक्कर के बाद कार में फंसे शवों को निकालने के लिए पुलिस ने गैस कटर मंगवाकर शव बाहर निकलवाये।

Untitled design (75)

फतेहपुर कस्बा के मुंशीगंज निवासी प्रदीप रस्तोगी (55) भाजपा नेता गिरधर गोपाल की नई बिना नंबर की कार लेकर अपने परिवार के साथ कानपुर के बिठूर में एक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। वापस लौटते समय जैसे ही कार फतेहपुर कस्बे से थोड़ी दूर पहले कल्याणी नदी पुल के पास पहुंची, सामने से आ रहे तेज ट्रक ने ऐसी टक्कर मारी कि कार कबाड़ में बदल गई।

इस दर्दनाक हादसे में प्रदीप रस्तोगी 55, पत्नी माधुरी रस्तोगी 52, पुत्र नितिन 35, पुत्र कृष्णा 15, कार चालक मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र खड़ेहरा गांव निवासी श्रीकांत (40) व महेंद्र मिश्र उर्फ बाला (45) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मौके से गंभीर दशा में इलाज के लिए भेजे गए इंद्रकुमार मिश्र 50, विष्णु नाग 15 ने ट्रामा सेंटर में रात में ही दम तोड़ दिया। इस तरह कार सवार कोई भी जीवित नहीं बचा है। घटना की खबर फैलते ही डीएम, एसपी मौके पर पहुंचे, कई थानों की पुलिस बुलाई गई। उधर सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। सीएमओ के रहते दो डाक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया। वहीं सूचना पाकर पोस्टमार्टम हाउस में परिजनों रिश्तेदारों व परिचितों की भीड़ लग गई।

ये भी पढ़े :

Junior Archery: केडी सिंह बाबू स्टेडियम में लगेगा तीरंदाजों का मेला, सब जूनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता का आगाज, 450 खिलाड़ी होंगे शामिल

संबंधित समाचार