UP NEWS: सिजेरियन मरीजों को मिलेंगे अब पूरे दस्तावेज, निजी अस्पतालों पर सीएमओ एक बार फिर से हुए सख्त
अयोध्या, अमृत विचार: सीएमओ डॉ. सुशील कुमार बानियान एक बार फिर निजी अस्पतालों पर सख्त हुए हैं। उन्होंने सभी निजी चिकित्सालयों को सख्त हिदायत दी है कि सिजेरियन डिलीवरी कराने वाली महिलाओं (लाभार्थियों) को इलाज, सर्जरी और डिस्चार्ज से जुड़े सभी अभिलेख अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराए जाएं। यह कदम मरीजों के बेहतर इलाज और स्वास्थ्य विभाग की सकारात्मक छवि के लिए उठाया गया है।
सीएमओ कार्यालय की ओर से जारी पत्र के मुताबिक ज्यादातर निजी अस्पतालों में सिजेरियन लाभार्थियों को पूर्व इलाज के दस्तावेज नहीं दिए जा रहे, जिससे भविष्य में जटिलताओं का पता लगाना मुश्किल हो जाता है। पत्र में सभी अस्पताल संचालकों को तत्काल प्रभाव से निम्नलिखित निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। केस शीट की सत्यापित प्रतिलिपि हर भर्ती सिजेरियन मरीज को अनिवार्य रूप से दी जाए। डिस्चार्ज/रेफर पेपर उपलब्ध कराएं, जिसमें सभी चिकित्सकों (स्त्री रोग विशेषज्ञ, एनेस्थेटिस्ट आदि) के नाम और लिखित सावधानियां अंकित हों। इलाज के दौरान हुई सभी जांचों व दी गई दवाओं के भुगतान बिल की सत्यापित कॉपी दी जाए।
अस्पताल के ओपीडी परिसर और मुख्य द्वार पर सभी विशेषज्ञ चिकित्सकों (स्त्री रोग विशेषज्ञ, एनेस्थेटिस्ट आदि) के नाम व 8 गुणे 4 इंच पोर्ट्रेट फोटो वाले बैनर लगवाएं। सीएमओ ने चेतावनी दी है कि इन निर्देशों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की जाएगी। यह कदम शासन की मंशा के अनुरूप मरीजों के हित में उठाया गया है, ताकि भविष्य में इलाज के दौरान पिछली जटिलताओं की जानकारी आसानी से मिल सके।
