Bareilly : सीजीएसटी टीम ने उद्यमी भाइयों के घर छापा मारकर पांच करोड़ किए बरामद
बरेली, अमृत विचार। सेंट्रल जीएसटी की एसआईबी की नोएडा व ग्रेटर नोएडा से आई टीम ने शास्त्री नगर निवासी फैक्ट्री संचालक तरुण अग्रवाल व वरुण अग्रवाल के घर पर छापेमारी की। जानकारी मिलने पर व्यापारियों का प्रतिनिधि मंडल फैक्ट्री संचालक के घर के बाहर पहुंच गया। इस दौरान टीम के सदस्यों से व्यापारियों से नोकझोंक भी हुई। हालांकि देर शाम तक कार्रवाई जारी रही। वहीं टीम इतनी गोपनीयता से पहुंची कि आसपास के लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी।
व्यापारियों से मिली जानकारी के अनुसार विभाग की टीम दोपहर में तीन गाड़ियों से उद्यमियों के घर पहुंची। शास्त्री नगर के रहने वाले कारोबारी परसाखेड़ा में इलेक्ट्रॉनिक सामान और गद्दे बनाने की फैक्ट्री चलाते हैं। फैक्ट्री से माल गैर जिलों में भी सप्लाई होता है। सीजीएसटी विभाग की टीम लेन-देन के अभिलेखों में गड़बड़ी मिलने पर जांच के लिए यहां पहुंची है। अभिलेखों की जांच के दौरान उद्यमी भाइयों के घर से पांच करोड़ रुपये नकद भी मिले। इस पर आयकर विभाग को इसकी सूचना दी गई, जिससे स्थानीय आयकर विभाग की टीम भी पहुंच गई।
उद्यमी भाइयों के घर पर छापे की सूचना मिलने पर भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रदेश मंत्री अनिल अग्रवाल समेत अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंच गए और टीम से जानकारी मांगी, लेकिन सीजीएसटी टीम के सदस्यों ने कोई भी जानकारी देने से मना कर दिया। अधिकारियों ने जांच पूरी होने के बाद ही कुछ भी कहने की बात कही है। नोएडा से आई सीजीएसटी की टीम घर पर जांच करने के बाद फैक्ट्री पर भी जा सकती है।
घर पर क्यों हो रही जांच, उठाया सवाल
उद्यमी के घर पर सीजीएसटी की टीम के पहुंचने की भनक करीब तीन घंटे बाद भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के पदाधिकारियों को लगी। इस पर मौके पर पहुंच कर मंडल के सदस्यों ने जांच कर रही टीम के अधिकारियों से घर पर नियम विरुद्ध जांच करने का तर्क दिया, लेकिन अधिकारियों ने कुछ भी जवाब नहीं दिया। नोकझोंक भी हुई। हालांकि, आधे घंटे बाद व्यापार मंडल के लोग वहां से चले गए।
