नेचर इंडेक्स संस्थागत रैंकिंग में अवध विश्वविद्यालय को प्रदेश में मिला दूसरा स्थान, कुलपति- उत्कृष्ट शोध कार्यों में कार्य करने का परिवेश होगा निर्मित
अयोध्या, अमृत विचार: डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के गणित एवं सांख्यिकी विभाग के प्रो. सीके मिश्र, डॉ. पीके द्विवेदी व सचिन कुमार के शोधपत्र ने नेचर इंडेक्स संस्थागत रैंकिंग 2024- 25 में राज्य विश्वविद्यालयों में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है।
इसके अलावा अवध विश्वविद्यालय ऑल इंडिया रैंकिंग समग्र श्रेणी में 137 वां स्थान फिजिकल साइंसेज डिसिप्लिन में 85 वां एवं एकेडमिक रैंकिंग के तहत 114वां स्थान हासिल कर शोध उत्कृष्टता का प्रतिमान स्थापित किया है। वर्ष 2024- 25 में पहली बार अवध विश्वविद्यालय को यह उपलब्धि हासिल हुई है। वर्ष 2024- 25 में दो राज्य विश्वविद्यालय ने यह उपलब्धि हासिल की है। इसमें प्रथम डीडीयू गोरखपुर विश्वविद्यालय एवं द्वितीय स्थान अवध विश्वविद्यालय को प्राप्त हुआ है।
कुलपति कर्नल डॉ. बिजेंद्र सिंह ने कहा कि नेचर इंडेक्स रैंकिंग में विश्वविद्यालय को प्रदेश स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त होना गौरव का पल है। इससे विश्वविद्यालय में उत्कृष्ट शोध कार्यों में कार्य करने का परिवेश निर्मित होगा। विश्वविद्यालय में गुणवत्तापरक शोध कार्यों को करने के लिए शैक्षिक वातावरण तैयार किया जाएगा। जो विश्वविद्यालय को वैश्विक पटल पर अपनी गरिमापूर्ण उपस्थिति दर्ज कराए। कुलसचिव विनय कुमार सिंह ने शोध कार्य के लिए शिक्षकों को बधाई दी है।
