चौबारी का नखासा: राजस्थान का घोड़ा कीमत में सब पर भारी...सिंधी चाल पर 'महादेवा' ने लूटी वाहवाही
बरेली, अमृत विचार। चौबारी मेले में लगे नखासे में हजारों की संख्या में घोड़े पहुंचे। जो ज्यादातर 50 हजार से 1 लाख रुपये में बिके। मेला कमेटी के अध्यक्ष जयवीर सिंह के अनुसार बुधवार को नखासे में 110 घोड़ी व घोड़ों की बिक्री हुई। सबसे महंगा घोड़ा राजस्थान का 1 लाख रुपये में बिका।
नखासे में घोड़ों की रेस भी हुई। इसमें चाल के हिसाब से घोड़ी- घोड़ों को विजयी घोषित किया गया। चौबारी के रामवीर ने पिछली साल पुष्कर से 11 लाख रुपये में महादेवा नाम के घोड़े को खरीदा था। वह अपने घोड़े को लेकर यहां आए थे। जिसने मेले में अपनी सिंधी चाल लोगों को आकर्षित किया। बरेली के आशीष वाजपेयी के घोड़े को उस्ताद रियासत ने सिंधी चाल पर दौड़ाया।
बीडीए कॉलोनी के राय सिंह की घोड़ी रानी ने और चौरासी घंटा के रहने वाले सुरजीत गुर्जर के घोड़े ने चौताला चाल दिखाई। इस चाल में रेस लगाने वाले घोड़े एक बैलेंस में रेस लगाते हैं। चौताला चाल में घोड़े पर रखा हुआ पानी का लोटा नहीं छलकता है। मेला में रामवीर सिंह ने घोड़ी- घोड़ा और उस्ताद को मेडल और पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया।
