Gonda News: हिरासत में मौत का मामला... 2 आरोपी RPF सब इंस्पेक्टर व एक सिपाही निलंबित

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

हत्या की एफआईआर दर्ज होने के बाद रेल अफसरों होने की कार्रवाई

गोंडा, अमृत विचार: रेलवे सुरक्षा बल की हिरासत में हुई युवक की मौत के मामले में 2 आरोपी सब इंस्पेक्टर व एक सिपाही समेत 3 को निलंबित कर दिया गया है। परिजनों की शिकायत पर हत्या की एफआईआर दर्ज होने के बाद रेल अफसरों ने यह कार्रवाई की है। 

मोतीगंज थाना क्षेत्र के किनकी गांव के रहने वाले संजय सोनकर की मंगलवार की शाम आरपीएफ की हिरासत में मौत हो गयी थी। मृतक के परिजनों ने इस मामले में आरपीएफ के सब इंस्पेक्टर सुरेंद्र कुमार, करण सिंह यादव तथा कांस्टेबल अमित कुमार यादव पर संजय की पिटाई करने और थर्ड डिग्री देने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया था। मामले में मृतक के भाई राजू सोनकर की तरफ से बुधवार की देर शाम नगर कोतवाली में तीनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज करायी गयी थी। इसके बाद से ही आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई तय मानी जा रही थी।

रेलवे सुरक्षा बल के प्रभारी निरीक्षक‌ अनिरुद्ध राय ने बृहस्पतिवार को बताया कि एफआईआर दर्ज होने के बाद आरोपी सब इंस्पेक्टर सुरेंद्र कुमार, करण सिंह यादव तथा कांस्टेबल अमित कुमार यादव को विभाग के उच्च अधिकारियों ने निलंबित कर दिया है। सभी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं।

संबंधित समाचार