Moradabad : कोहरे की चादर ओढ़े रही कार्तिक पूर्णिमा की सुबह, रफ्तार पर ब्रेक
मुरादाबाद, अमृत विचार। नवंबर के पहले दिन से ही कोहरा छा रहा है। लेकिन बुधवार को कार्तिक पूर्णिमा की सुबह घने कोहरे की चादर में लिपटी रही। कोहरे के चलते वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लगा। दिल्ली रोड व मुरादाबाद हरिद्वार हाईवे पर बड़े छोटे वाहन हेडलाइट जलाकर चले। बड़े वाहन डिपर का प्रयोग कर रेंगते हुए आगे बढ़ते रहे।
मंगलवार की रात से कोहरा छाने लगा। जो बुधवार की सुबह काफी घना हो गया। सुबह हाईवे पर दृश्यता दो तीन मीटर से भी कम होने पर वाहनों की ब्रेक पर रफ्तार लगा। मुरादाबाद- दिल्ली हाईवे पर बड़े व भारी वाहन वाहन रेंगते हुए हेडलाइड जलाकर और डिपर का प्रयोग करते हुए चले। कई जगह पुलिस कर्मी वाहन चालकों को रास्ता बताने में लगे रहे। इसके अलावा मुरादाबाद कांठ रोड पर भी सुबह कोहरे के चलते दृश्यता (विजिविलिटी) कम रही।
कोहरे के चलते तापमान में भी गिरावट रही। हालांकि दिन में धूप निकलने के बाद तापमान बढ़ा। अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और रात में न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शनिवार को न्यूनतम और अधिकतम दोनों तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की और कमी आने का अनुमान मौसम विभाग ने जताया है। विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड और कोहरा दोनों बढ़ने के आसार हैं।
