विश्वविजेता बेटियों से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने की मुलाकात : कहा- आप युवा लड़कियों के लिए रोल मॉडल है

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गुरुवार को विश्वकप विजेता भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ियों के मुलाकात की और कहा कि वे आज युवा पीढ़ी की लड़कियों के लिए रोल मॉडल बन गई हैं, इससे उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की प्ररेणा मिलेगी। आज यहां राष्ट्रपति भवन में भारतीय महिला क्रिकेट टीम के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस समारोह में भारतीय महिला क्रिकेट खिलाड़ियों ने ट्रॉफी लेकर राष्ट्रपति मुर्मू के साथ फोटो खिंचवाई। इस दौरान कप्तान हरमनप्रीत कौर ने राष्ट्रपति को खिलाड़ियों के हस्ताक्षर वाली टी-शर्ट भेंट की। इस अवसर पर राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा, "आप युवा पीढ़ी, विशेषकर लड़कियों के लिए रोल मॉडल बन गई हैं, इससे वह जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित होंगी।"

cats

राष्ट्रपति ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम की हर सदस्य को बधाई दी और कहा कि उन्होंने क्रिकेट विश्व कप जीतकर इतिहास रच दिया है। देश और विदेश में लाखों भारतीय इस जीत का जश्न मना रहे हैं।  उन्होंने कहा कि यह टीम भारत को दिखाती है। वे अलग-अलग क्षेत्रों, अलग-अलग सामाजिक पृष्ठभूमि, अलग-अलग परिस्थितियों का प्रतिनिधित्व करती हैं। लेकिन वे एक टीम हैं - भारत। यह टीम भारत को उसके सबसे अच्छे रूप में दिखाती है।

मुर्मू ने कहा कि टीम ने सात बार की विश्व चैंपियन और उस समय तक अजेय रही ऑस्ट्रेलियाई टीम को सेमीफाइनल में हराकर सभी भारतीयों का अपनी काबिलियत पर विश्वास मजबूत किया है। एक मजबूत टीम के खिलाफ एक मुश्किल मैच में बड़े अंतर से फाइनल मैच जीतना टीम इंडिया की उत्कृष्टता का एक यादगार उदाहरण है। उन्होंने कहा कि वे रोल मॉडल बन गई हैं। युवा पीढ़ी, खासकर लड़कियां, जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित होंगी। 

cats

उन्होंने विश्वास जताया कि जिन खूबियों से उन्होंने इतिहास रचा है, उन्हीं खूबियों से वे भविष्य में भी भारतीय क्रिकेट को शीर्ष पर रखेंगी। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के दौरान टीम के सदस्यों ने उम्मीद और निराशा के उतार-चढ़ाव का अनुभव किया होगा। कभी-कभी उनकी नींद भी उड़ी होगी। लेकिन उन्होंने सभी चुनौतियों का सामना किया। उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड पर जीत के बाद, लोगों को पूरा विश्वास हो गया था कि मैच में उतार-चढ़ाव के बावजूद, हमारी बेटियां ही जीतेंगी। 

राष्ट्रपति ने इस बात पर जोर दिया कि उनकी कड़ी मेहनत, बेहतरीन खेल कौशल, दृढ़ संकल्प तथा उनके परिवारों और क्रिकेट प्रेमियों का प्यार और आशीर्वाद ही उनकी सफलता के पीछे रहा है। उन्होंने कहा कि क्रिकेट जैसे खेल में, सभी टीम सदस्यों को हर समय पूरी तरह से समर्पित रहना होता है। उन्होंने सभी - मुख्य कोच, गेंदबाजी कोच, फील्डिंग कोच और सपोर्ट स्टाफ की सराहना की। उन्होंने कामना की कि वे अपने प्रदर्शन से टीम इंडिया के लिए सफलता के नए रिकॉर्ड बनाते रहें। 

राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद खिलाड़ी और सहयोगी स्टाफ अपने-अपने गृहनगर लौटेंगे। फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच रही शैफाली वर्मा अब नॉर्थ जोन टीम की कप्तानी करते हुए इंटर जोनल टी-20 टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगी, जिसका आयोजन नागालैंड में हो रहा है। उल्लेखनीय है कि रविवार को भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने दक्षिण अफ्रीका को 52 रनों से हराकर पहली बार महिला विश्वकप का खिताब जीता था।  

संबंधित समाचार