बदायूं: सड़क हादसे में पूर्व विधायक के पीए रहे व्यक्ति समेत दो लोगों की मौत
बदायूं, अमृत विचार। अलग-अलग सड़क हादसों में पूर्व विधायक के पूर्व पीए समेत दो लोगों की मौत हो गई। हादसे अलापुर में बाजार और उझज्ञनी-कादरचौक मार्ग पर हुए। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिए।
अलापुर कस्बा के वार्ड 11 निवासी शरीफ अंसारी (60) पुत्र मोहम्मद अली पूर्व विधायक सिनोद शाक्य के पीए रह चुके हैं। वह सुबह के समय टहलने जाते थे। वह सुबह भी टहलने के लिए घर से निकले थे। कंचनपुर धड़ा बाजार के पास तेज रफ्तार से आई डीसीएम ने उन्हें टक्कर मार दी। जिसके बाद डीसीएम अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक ट्रैक्टर से टकरा गई। हादसे की तेज आवाज सुनकर लोग दौड़कर पहुंचे लेकिन तब तक चालक डीसीएम लेकर भाग गया।
शरीफ अंसारी गंभी रूप से घायल हो गए थे। लोगों ने उनके परिजनों को सूचना दी। घायल को अस्पताल ले जाया जा रहा था लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। परिजनों में चीत्कार मच गया। पुलिस ने डीसीएम चालक की तलाश शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष उदयवीर सिंह ने बताया कि आरोपी चालक को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। दूसरा हादसा उझानी-कादरचौक मार्ग पर कुड़ा मोड़ के पास हुआ।
गांव रेवा निवासी सुहैल (22) पुत्र शकील बुधवार देर शाम मेला ककोड़ा देखने बाइक से जा रहे थे। कुड़ा मोड़ पर पहुंचने पर किसी वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पुलिस पहुंची। घायल को अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान घायल ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर शव मोर्चरी में रखवाया। गुरुवार को पोस्टमार्टम हुआ। जहां मृतक के परिजनों ने बताया कि सुहैल परिवार में इकलौते बेटे थे। मजदूरी करके परिवार का पालन पोषण करते थे।
