अमरोहा : युवक की हत्या, नहर किनारे मिला शव
गुरुवार को चौहड़पुर गांव निवासी दोस्तों के साथ बाइक से तिगरी गंगा मेला गया था
गजरौला, अमृत विचार। गजरौला में दिनदहाड़े एक युवक की हत्या कर दी गई। उसका शव नहर किनारे एक गड्ढे में मिला। घटना गुरुवार शाम की है, जब ग्रामीण खेतों से लौट रहे थे। ग्रामीणों ने शव देखकर इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। वह पांच बहनों का इकलौता भाई था। उसकी तीन बहनों की शादी हो चुकी थी।
क्षेत्र के गांव चौबारा निवासी 25 वर्षीय आकाश ई-रिक्शा चलाता था। उसके पिता जसवंत सिंह दूध की फैक्ट्री में काम करते हैं। गुरुवार को वह चौहड़पुर गांव निवासी दोस्तों के साथ बाइक से तिगरी गंगा मेला गया था। जसवंत ने दोपहर के वक्त आकाश को फोन करके खाना देकर जाने की बात कही। आकाश ने मेले में होने की जानकारी देते हुए खाना पहुंचाने से मना कर दिया। शाम को आकाश का शव गांव के बाहर श्योराज सिंह के खेत के पास नहर किनारे पड़ा मिला। उसके चेहरे पर गहरी चोट थी। वह खून से लथपथ था। वहीं पास में ही एक बाइक भी पड़ी थी।
परिवार वाले आकाश को उठाकर सीएचसी ले गए। वहां भी चिकित्सक ने आकाश को मृत घोषित कर दिया। परिवार वालों ने उसके दोस्तों पर हत्या करके शव को खेत में फेंकने का आरोप लगाया। सीएचसी पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरा व पोस्टमार्टम के लिए भेजने लगी, तभी परिवार वालों ने हंगामा शुरू कर दिया व हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की बात कही। जानकारी पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष चौधरी वीरेंद्र सिंह व सीओ अंजलि कटारिया सीएचसी पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझा बुझाकर किसी तरह शांत कराया।
