UP : भदोही में बनेगा 108 फीट का शिवलिंग मंदिर, ताम्र धातु से होगा निर्माण; सतह से 45 फीट नीचे बनाया जा रहा गर्भगृह
भदोही। उत्तर प्रदेश में भदोही जिले के श्री द्वादश ज्योतिर्लिंग संगम क्षेत्र सुंदरवन कटेबना में 108 फीट ऊंचा ताम्र धातु शिव मंदिर बनेगा। इस मंदिर को दुनिया का सबसे ऊंचा ताम्र मंदिर होने का दावा किया जा रहा है। भव्य ताम्र मंदिर निर्माण की कर्ताधर्ता साध्वी माता राज लक्ष्मी मंदा ने बताया कि सुंदरवन कटेबना में विश्व के सबसे ऊंचे 180 फीट ऊंचाई और 150.30 फीट चौड़ाई वाला शुद्ध ताम्र धातु का मंदिर का निर्माण कार्य हो रहा है।
इस मंदिर का गर्भगृह भूमि की सतह से 45 फीट नीचे बनाया जा रहा है। गर्भगृह के अंदर विश्व और देश का सबसे विशाल नौ फीट ऊंचा 90 टन भार के शिवलिंग के साथ डेढ़ फीट ऊंचाई के 12 ज्योतिर्लिंगों की स्थापना भी की जाएगी। गर्भगृह बनाने के लिए मिट्टी निकालने का काम शुरू हो गया है।
बताया गया कि शिवलिंग स्थापित होने के पूर्व माता राजलक्ष्मी मंदा द्वारा उसे ट्रक पर रखकर रामेश्वरम, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, झारखंड एवं उत्तर प्रदेश के काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन-पूजन के बाद स्थापित किया गया है।
सुंदरवन कटेबना में प्रत्येक दिन हजारों भक्त देवाधिदेव महादेव का दर्शन-पूजन करने पहुंच रहे हैं। मंदिर का निर्माण कार्य पूरा होने पर विश्व भर के शिव भक्तों का दर्शनार्थ आगमन होगा। दावा किया गया कि यह दुनिया का सबसे ऊंचा स्थापित ताम्र धातु से निर्मित शिवलिंग होगा।
