बहराइच नाव हादसा : पीड़ित परिवारों को नई जगह पर बसाने की कवायद शुरू, डीएम ने चिन्हित भूमि का किया निरीक्षण
बहराइच। उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के भरथापुर गांव में 29 अक्टूबर को नाव पलटने की दुखद घटना के बाद प्रशासन ने विस्थापितों को पुनर्वासित करने के लिए कदम उठाए हैं। इस घटना में नौ लोगों की जान चली गई थी, जिसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने बहराइच दौरे के दौरान 118 परिवारों को दूसरे स्थान पर विस्थापित करने का आदेश दिया था।
इस क्रम में, आज जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी और मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) मुकेश चंद्र ने सेमरहना गांव के निकट स्थित चिन्हित भूमि का निरीक्षण किया। प्रशासन ने यह योजना बनाई है कि नेशनल हाईवे एनएच 927 के किनारे एक कॉलोनी बनाई जाएगी, जहां सभी 118 परिवारों को बसाया जाएगा।
प्रशासन ने आज से इस चिन्हित जमीन पर समतलीकरण का कार्य भी शुरू कर दिया है, ताकि जल्द से जल्द विस्थापित परिवारों के लिए आवासीय सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। डीएम और सीडीओ ने संवाददाताओं से बातचीत में बताया कि यह प्रयास सुरक्षित और स्थायी पुनर्वास के लिए किया जा रहा है, ताकि विस्थापित परिवारों को बेहतर जीवन जीने का अवसर प्राप्त हो सके।
स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन के इस प्रयास की सराहना की है और सभी को उम्मीद है कि जल्द ही उनका पुनर्वास संभव हो सकेगा। प्रशासन ने वादा किया है कि इस प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरती जाएगी और विस्थापितों की सभी समस्याओं का हल किया जाएगा।
