Bareilly: दीक्षांत समारोह पर ब्लॉकचेन-सुरक्षित डिग्री जारी करेगा रुविवि

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। रुहेलखंड विश्वविद्यालय दीक्षांत समारोह में ब्लॉकचेन-सुरक्षित डिजिटल डिग्री जारी करेगा और इस पहल के साथ यूपी का पहला पहला गैर-तकनीकी विश्वविद्यालय बन जाएगा। यह परियोजना ट्रू स्कॉलर के तकनीकी सहयोग से लागू की जा रही है।

कुलपति प्रो. केपी सिंह ने बताया कि ब्लॉकचेन आधारित डिजिटल क्रेडेंशियल्स हमारी डिग्रियों को वैश्विक स्तर पर भरोसेमंद बनाते हैं। यह कदम छात्रों, नियोक्ताओं और अकादमिक संस्थानों सभी के लिए पारदर्शिता, गति और सुरक्षा सुनिश्चित करेगा। हम बरेली और अपने सभी संबद्ध महाविद्यालयों को ग्लोबल टेक एडॉप्शन की मुख्यधारा में ला रहे हैं।

नई व्यवस्था में प्रत्येक डिग्री डिजिटल हस्ताक्षर सहित ब्लॉकचेन पर एंकर होगी, जिससे रिकॉर्ड अपरिवर्तनीय रहेगा। प्रमाणपत्र के साथ उपलब्ध क्यूआर कोड द्वारा नियोक्ता, विश्वविद्यालय, दूतावास और सरकारी एजेंसियां सेकंडों में ऑनलाइन सत्यापन कर सकेंगी। स्नातकों को उनकी डिग्री ट्रूस्कॉलर के सुरक्षित डिजिटल वॉलेट में मिलेगी, साथ ही साझा करने के लिए डाउनलोड योग्य प्रति भी उपलब्ध होगी।

यह पहल डिजीलॉकर, एकेडमिक बैंक ऑफ क्रेडिट्स, और नई शिक्षा नीति के उद्देश्यों विश्वसनीय, पोर्टेबल और विद्यार्थी-केंद्रित शैक्षिक रिकॉर्ड के अनुरूप है। विशेष रूप से आस-पास के छोटे शहरों व कस्बों के विद्यार्थियों को अब कागजी प्रक्रियाओं, डाक, यात्रा और लंबी प्रतीक्षा से मुक्ति मिलेगी और इससे रोजगार, उच्च शिक्षा, छात्रवृत्ति और वीजा से जुड़े सत्यापन अब तेज और सरल होंगे।

समारोह के दिन स्नातकों को एसएमस और ईमेल के जरिए वॉलेट एक्सेस के स्टेप-बाय-स्टेप निर्देश भेजे जाएंगे। विश्वविद्यालय ने स्थल पर और ऑनलाइन हेल्पडेस्क की व्यवस्था की है। ट्रूस्कॉलर टीम द्वारा नोडल अधिकारियों और कॉलेज आईटी और परीक्षा प्रकोष्ठ को सूक्ष्म प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि छात्रों के अनुरोध, री-इश्यू और संस्था-से-संस्था सत्यापन जैसे कार्य बिना विलंब के हो सकें। डेटा सुरक्षा और गोपनीयता के मानकों का पालन प्राथमिकता से किया जाएगा। छात्र केवल क्यूआर स्कैन से अपनी उपलब्धि की प्रामाणिकता दिखा सकेंगे, जबकि उनकी व्यक्तिगत जानकारी सुरक्षित रहेगी।

आईआईटी रोपण के डायरेक्टर होंगे दीक्षांत के मुख्य अतिथि
रुहेलखंड विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह के मुख्य अतिथि इस बार आईआईटी रोपण, पंजाब के डायरेक्टर प्रो. राजीव अहूजा होंगे। शुक्रवार को मुख्य अतिथि के नाम तय हो गया। इसके अलावा कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री, उच्च शिक्षा राज्य मंत्री के अलावा स्थानीय जनप्रतिनिधि भी अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

संबंधित समाचार