बगहा में हादसाः स्कूटी की टक्कर से एक महिला की मौत, मासूम समेत दो घायल
केशवापुर, अमृत विचार। हैदराबाद थाना की अजान पुलिस चौकी क्षेत्र के गांव बगहा चौराहे पर शुक्रवार शाम करीब 6 बजे एक हादसा हुआ है, जहां एक स्कूटी चालक ने दो महिलाओं व दो साल के बच्चे को टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला और बच्चा गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें लखनऊ रेफर किया गया।
कोतवाली मोहम्मदी क्षेत्र के गांव राजगढ़ निवासी मोनी देवी श्रीवास्तव (24) पत्नी धर्मेन्द्र कुमार अपने दो साल के पुत्र के साथ बगहा में फूफा ओमप्रकाश श्रीवास्तव के बेटे की शादी में शामिल होने आई थीं। वह शाम करीब छह बजे अपने पुत्र रिशभ (2) को लेकर अपनी बुआ अनारा (48) के साथ पैदल रोड क्रॉस कर रही थीं। तभी अजान की तरफ से आ रही तेज रफ्तार स्कूटी ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे तीनों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर घायल हो गये।
घटना की जानकारी होने पर ग्रामीण एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। ग्रामीणों ने निजी वाहन से तीनों घायलों को गोला सीएचसी पहुंचाया, जहां मोनी देवी को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। अनारा देवी की हालत में सुधार न होने पर डाक्टर ने उन्हें और दो वर्षीय रिशभ को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया, जहां से उन्हें लखनऊ केजीएमसी भेजा गया है।
