Moradabad: मुरादाबाद रेल मंडल को मिली नई वंदे भारत, रेलवे स्टेशन पर स्वागत
मुरादाबाद, अमृत विचार। रेल मंडल को शनिवार को लखनऊ-सहारनपुर नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की सुविधा मिली। इसका वर्चुअल उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी से किया। वहीं स्थानीय स्तर पर ट्रेन के मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर पहुंचने पर सांसद रुचि वीरा, नगर विधायक रितेश गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. शेफाली सिंह, एमएलसी सतपाल सैनी ने ट्रेन केा आगे के स्टेशनों के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
प्रधानमंत्री के द्वारा बनारस स्टेशन से वर्चुअल रूप से लखनऊ -सहारनपुर वन्दे भारत एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 02524 का शुभारम्भ किया। फूलों से सजी ट्रेन मुरादाबाद रेल मंडल के शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, नजीबाबाद और रूड़की स्टेशन से होकर सहारनपुर पहुंची।
मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर उत्तर रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की टीम ने “नई रेल नई रफ़्तार” विषय पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को जानकारी दी। इस दौरान रेलवे अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग व रेल यात्री आदि मौजूद रहे।
मंडल के पांचों स्टेशनों पर उपस्थित मंडल के वरिष्ठ रेल अधिकारियों ने फ्लावर पॉट देकर अतिथियों का मंच पर स्वागत किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में देश भक्ति से ओतप्रोत गीत प्रस्तुत किए गए। रेलवे स्टेशन पर डीआरएम सहित अन्य रेल अधिकारी और सुरक्षा के लिए रेलवे सुरक्षा बल एवं जीआरपी स्टाफ सतर्क रहा।
