Moradabad: कमजोर प्रदर्शन पर लगेगा जुर्माना, एआईयू ने तय किए नए मानक

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज (एआईयू) ने विश्वविद्यालय स्तर के खेलों के लिए नए और सख्त नियम लागू कर दिए हैं। अब किसी भी खिलाड़ी के प्रदर्शन में तय मानक से गिरावट पाई गई तो उस पर 5000 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। यही नहीं, प्रदर्शन में कमी होने पर संबंधित टीम के कोच और विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

एआईयू ने 2024 में ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता में 16वें स्थान को न्यूनतम योग्यता मानक घोषित किया है। किसी भी खिलाड़ी या टीम का प्रदर्शन यदि इस मानक से नीचे पाया गया तो उन खिलाड़ियों को प्रमाणपत्र भी नहीं दिया जाएगा। साथ ही विश्वविद्यालय को यह सुनिश्चित करना होगा कि केवल वही खिलाड़ी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लें जो एआईयू द्वारा तय की गई योग्यता को पूरा करते हों। एआईयू ने सभी विश्वविद्यालयों को इस संबंध में पत्र भेजकर नए मानकों की जानकारी दी है। पत्र में स्पष्ट किया गया है कि सभी प्रतिभागियों को अब एक अंडरटेकिंग फॉर्म भरना होगा, जिसमें यह उल्लेख करना अनिवार्य होगा कि उनका प्रदर्शन निर्धारित मापदंडों के अनुरूप है।

क्रीड़ाधिकारी सुनील कुमार सिंह के अनुसार, इन नए नियमों का उद्देश्य खेल आयोजनों में गुणवत्ता सुधारना और प्रतियोगिताओं में लगने वाले अनावश्यक समय को कम करना है। उन्होंने बताया कि कई बार औसत या कमजोर खिलाड़ी भी इन प्रतियोगिताओं में भाग लेते हैं, जिससे आयोजकों का काफी समय व्यर्थ होता है और प्रतियोगिता का स्तर गिर जाता है। नई नीति से खिलाड़ियों पर बेहतर प्रदर्शन का दबाव तो बढ़ेगा ही, साथ ही विश्वविद्यालयों को भी अपनी चयन प्रक्रिया को सख्त बनाना होगा। एआईयू का मानना है कि यह कदम न केवल खेलों के स्तर को ऊंचा उठाएगा, बल्कि खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए अधिक योग्य और प्रतिस्पर्धी बनाएगा।


विभिन्न स्पर्धाओं के यह हैं मानक

दौड़ : महिला वर्ग 100 मीटर दौड़ के लिए मानक समय 12.29 सेकंड है। 12.904 सेकंड से अधिक होने पर जुर्माना लगेगा।

पुरुष 100 मीटर दौड़ के लिए मानक 11.34 सेकंड है। 11.907 सेकंड से अधिक होने पर जुर्माना लगेगा।

तीरंदाजी: (पुरुष) के लिए मानक 638 अंक है। 606 से कम अंक होने पर जुर्माना लगेगा। महिला के लिए 625 अंक को मानक बनाया गया है। 594 से कम अंक होने पर जुर्माना लगेगा।

पावरलिफ्टिंग : 59 किग्रा पुरुष वर्ग का मानक 512.5 किलोग्राम है। 487 किलोग्राम से कम होने पर जुर्माना लगेगा। 47 किलोग्राम भार के महिला वर्ग के लिए मानक 240 किलोग्राम है। 228 से कम होने पर जुर्माना लगेगा।

निशानेबाजी: 10 मीटर एयर पिस्टल पुरुष के लिए मानक 574 अंक है। 545.3 से कम अंक नहीं होने चाहिए। महिला वर्ग के लिए यह मानक 569 अंक है। 540.55 से कम अंक नहीं होने चाहिए।

तैराकी : 50 मीटर फ्री स्टाइल पुरुष के लिए मानक समय 00.25.40 सेकंड है। 00.26.67 सेकंड से अधिक समय नहीं होना चाहिए। महिला वर्ग के लिए यह समय 00.30.00 सेकंड है। 0.32.00 सेकंड से अधिक होने पर जुर्माना लगेगा।

 

संबंधित समाचार