कानपुर : सौंदर्य प्रसाधन कारोबारी से 1.89 लाख की ठगी, पीड़ित ने दर्ज कराई रिपोर्ट
कम कीमत पर सामग्री उपलब्ध कराने का लालच देकर चार बार में रुपये कराए ट्रांसफर
कानपुर, अमृत विचार। बाबूपुरवा में सौंदर्य प्रसाधन कारोबारी से साइबर ठगी हुई। शातिर ने कम कीमत पर सौंदर्य प्रसाधन सामग्री सप्लाई करने का झांसा देकर 1.89 लाख रुपये हड़प लिए। जब पैसे मिल गए तो उसने मोबाइल स्विचऑफ कर लिया। इससे कारोबारी को ठगी का एहसास हुआ। कारोबारी ने पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल से गुहार लगाई। उनके आदेश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर शातिरों के बारे में जांच-पड़ताल कर रही है।
किदवईनगर के एम-ब्लाक निवासी अक्षय मिश्रा की केएस वेंचर नाम से फर्म है। वह सौंदर्य प्रसाधन सामग्री का कारोबार करते हैं। अक्षय के अनुसार बीती 14 अक्टूबर को उनके वाट्सएप नंबर पर हनुमान ट्रेडर्स के नाम से एक मैसेज आया। मैसेज करने वाले ने सौंदर्य प्रसाधन सामग्री की फोटो भेजी थी।
कारोबार से जुड़ा होने के नाते उससे मैसेज और बाद में व्हाट्सएप कॉल पर बात होने लगी। बातचीत में आरोपी ने कम कीमत पर अच्छी गुणवत्ता के सौंदर्य प्रसाधन सामग्री सप्लाई करने का भरोसा दिलाया। इस पर उन्होंने 15 अक्टूबर को 40 हजार रुपये का आर्डर किया और रुपये भी ट्रांसफर दिए।
15 अक्टूबर को उसने फिर व्हाट्सएप कॉल की और कहा कि दीपावली पर स्कीम चल रही है। अगर वह अधिक मात्रा में माल लेते है तो उन्हें और भी अधिक छूट मिल जाएगी। लालच में आकर और आर्डर कर दिया। एडवांस में 49 हजार रुपये भी ऑनलाइन ट्रांसफर दिए। इस पर 17 अक्टूबर को उसने फिर कॉल की और कहा कि पूरा भुगतान करने के बाद ही उन्हें आर्डर सप्लाई हो पाएगा।
इस पर उन्होंने असमर्थता जताई तो बोला, कम से कम एक लाख रुपये का और भुगतान तो करना ही होता। बाकी रकम बाद में अदा करना। इस पर वह राजी हो गए और दो बार में एक लाख रुपये उसके खाते में फिर ट्रांसफर कर दिए। 18 अक्टूबर को आर्डर सप्लाई न होने पर फोन करके संपर्क करने की कोशिश की तो मोबाइल स्विचऑफ मिला।
इस पर हनुमान ट्रेडर्स के बारे में जानकारी करने का प्रयास किया, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चलने पर उन्हें ठगी का अहसास हुआ। बाबूपुरवा थाना प्रभारी अरुण कुमार द्विवेदी ने बताया कि कारोबारी की तहरीर पर ठगी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। साइबर सेल की मदद से रुपये वापस दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।
