रामपुर: हत्या के मामले में तीन लोगों पर FIR, खून से लथपथ मिला था युवक का शव
मिलक, अमृत विचार। शनिवार को तड़के क्षेत्र के ग्राम रामनगर स्थित बेगमाबाद रोड पर पर एक खेत के किनारे खून से लथपथ सूरज का शव मिला था। पुलिस में शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया था। रविवार को मृतक सूरज के पिता कड़ेराम ने पुलिस को तहरीर दी। जिसमें पुलिस ने तीन लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
बता दें कि शुक्रवार शाम सात बजे सूरज घर से बाहर गया था, लेकिन पूरी रात वह वापस नहीं लौटा था। सुबह पुत्र का शव रामनगर से बेगमाबाद रोड किनारे खेत में मिला था। आरोप लगाया कि उनकी रंजिश गांव में रहने वाली सौतेली बहन रेखा से चल रही है। उसके पुत्र सूरज की हत्या भांजे वीरेंद्र, हरप्रकाश और कृष्ण पाल ने की है। पुलिस ने तीनों सगे भाइयों के खिलाफ संबंधित धाराओं मुकदमा दर कर लिया है। वहीं मृतक सूरज की पत्नी शबनम ने बताया कि उसके मृतक पति से उनका प्रेम विवाह हुआ था।
उसके पति पूर्व में दिल्ली में रहकर ट्रक चलाते थे। उसका देवर दिलीप दूर शहर में रहकर मजदूरी करता है। घर पर पति, ससुर कड़े राम, सास सुनीता और ननद सिमरन के साथ जीवन व्यतीत कर रही थी। आरोप है कि जमीन को लेकर आरोपियों की परिवार से पुरानी रंजिश चल रही थी। कुछ वर्ष पूर्व आरोपियों ने जमीनी विवाद को लेकर उसकी सास सुनीता को गोली मार दी थी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी। उपचार के बाद उनकी जान बचाई जा सकी थी।
जमीन को लेकर हत्या आरोपियो से कोर्ट में केस चल रहा है। पूर्व में आरोपियो ने कोर्ट केस और जमीन को लेकर चल रही रंजिश के कारण घर में घुसकर गलियां देते हुए मारपीट की थी। आरोप लगाया की आरोपियो ने पुरानी रंजिश को लेकर उसके पति की हत्या कर दी। कोतवाल पुष्कर सिंह गंगवार ने बताया कि तहरीर के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
