रायबरेली के ऊंचाहार में डिरेल हुई मालगाड़ी, 4 पहिए पटरी से उतरे
रायबरेली, अमृत विचार। एनटीपीसी ऊंचाहार के अरखा में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एनटीपीसी का कोयला उतार कर जा रही मालगाड़ी के चार पहिए पटरी से उतर गए। हालांकि ना तो यातायात प्रभावित हुआ और ना ही किसी को कोई नुकसान हुआ।
घटना ऊंचाहार कोतवाली के अरखा एनटीपीसी रेल खंड की है, जहां पर रविवार शाम धनबाद से कोयला लेकर मालगाड़ी ऊंचाहार एनटीपीसी पहुंची थी। कोयला अनलोड होने के बाद मालगाड़ी वापस जा रही थी। तभी गेट से निकलते ही इंजन के तीसरे डिब्बे के चार पहिए पटरी से उतर गए।
आनन फानन में रेलवे और एनटीपीसी के कर्मचारियों ने पहियों को ट्रैक के ऊपर चढ़ा कर मालगाड़ी आगे के लिए रवाना हुई। घटना में गनीमत ये रही कि इससे रेलवे यातायात प्रभावित नहीं हुआ, क्योंकि जिस ट्रैक पर घटना हुई उस पर केवल एनटीपीसी की कोयला लदी मालगाड़ी का ही आवागमन होता है।
आरपीएफ इंस्पेक्टर ने बताया कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। घटना में मालगाड़ी के चार पहिए उतरे थे, जिन्हें वापस ट्रैक पर करके मालगाड़ी आगे गई। स्टेशन अधीक्षक ने बताया कि मालगाड़ी धनबाद से कोयला लेकर आई थी, अनलोड होकर वापस जा रही थी, तब घटना हुई। रेलवे यातायात प्रभावित नहीं हुआ है।
