Moradabad: पीड़ित परिवार से मिले वन मंत्री...जांच रिपोर्ट जल्द देने के निर्देश
मुरादाबाद, अमृत विचार। वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना रविवार को एक कार्यक्रम में मुरादाबाद पहुंचे थे। उन्होंने कटघर थाना क्षेत्र के रामपुर रोड स्थित परी रेस्टोरेंट का दौरा किया, जहां पिछले माह भीषण अग्निकांड में एक महिला की मौत हो गई थी और कई लोग झुलसकर घायल हुए थे।
रविवार को कार्यक्रम के बाद राज्य मंत्री ने रेस्टोरेंट पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात कर हाल जाने। उन्होंने स्थानीय प्रशासन को निर्देश दिए कि पीड़ितों की हर संभव सहायता सुनिश्चित की जाए। मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हर पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। जांच में यह बात सामने आई है कि आग किसी तकनीकी खराबी से नहीं, बल्कि आतिशबाजी की चिंगारी से लगी थी।
रेस्टोरेंट के सामने स्थित एक होटल में एक कारोबारी के बेटे की शादी के दौरान जा रही बरात में चलती कारों से अतिशबाजी की जा रही थी। चिंगारी रेस्टोरेंट तक पहुंच गई और आग लग गई। हादसे में रेस्टोरेंट संचालक की मां की मौत हो गई थी, जो धुएं और लपटों के बीच फंस गई थीं। पुलिस विवेचना में खुलासा हुआ कि दूल्हा और उसका भाई, जिन्होंने आतिशबाजी की थी, फिलहाल फरार हैं। पुलिस टीम उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। राज्य मंत्री ने अग्निकांड की विस्तृत जांच रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा
