Lucknow News: खत्म हुई परेशानी... कठौता झील में पानी पहुंचने के लिए करना होगा एक दिन का इंतजार
12 के बाद नहीं होगी झील में पानी की कमी
लखनऊ, अमृत विचार: इंतजार कीजिए पानी चल चुका है, पहुंचने में अभी दो दिन लगेंगे। 12 नवंबर के बाद कठौता झील में पानी की कमी नहीं होगी। सिंचाई विभाग ने शारदा नहर में पानी छोड़ दिया है। अनुरक्षण कार्य के चलते सिंचाई विभाग ने पिछले महीने शारदा नहर बंद कर दी थी, जिससे कठौता झील को पानी नहीं मिल पा रहा था। आपूर्ति बंद होने से झील में पानी का स्तर काफी कम हो गया है और सिल्ट तक दिखाई देने लगी है। पानी की कमी का खामियाजा गोमती नगर और इंदिरा नगर के 8 लाख निवासी भुगतने को मजबूर हैं। वहीं दूसरी ओर जलकल महाप्रबंधक कुलदीप सिंह का दावा है कि चार से पांच दिन आपूर्ति के लिए झील में पर्याप्त पानी है। जनता को कोई समस्या नहीं आएगी। संभावना है कि 12 नवंबर तक झील में पानी पहुंच जाएगा। अगर जल्द ही झील में पानी नहीं पहुंचा तो पेयजल की किल्लत हो सकती है। बता दें कि जलकल विभाग झील में कम पानी होने के कारण पेयजल आपूर्ति में कटौती कर रहा है।
कठौता से होती है पेयजल आपूर्ति
कठौता झील से गोमती नगर और इंदिरा नगर क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति की जाती है। झील को शारदा नहर से पानी मिलता है। अनुरक्षण कार्य के चलते सिंचाई विभाग वर्ष में दो बार नहर एक महीने के लिए बंद कर देता है। इससे झील को पानी नहीं मिल पाता है। झील में स्टोर पानी से ही क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति की जाती है। पानी कम होने पर कटौती की जाती है। इसके अलावा जलकल विभाग को क्षेत्र में लगे 150 पंपों को लगातार चलाकर आपूर्ति करनी पड़ती है।
