कानपुर : केडीए में प्रदर्शन करना पनकी के पूर्व पार्षद अशोक दुबे को पड़ भारी, कारण बताओ नोटिस जारी
कानपुर, अमृत विचार। सीवर समस्या, जमीनों के हेरफेर और बुलडोजर कार्रवाई के खिलाफ केडीए में प्रदर्शन करना पनकी के पूर्व पार्षद अशोक दुबे को भारी पड़ गया। भाजपा ने पार्टी को बिना बताए प्रदर्शन करने के मामले में अशोक दुबे को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
पूर्व पार्षद की अगुवाई में वार्ड 50 पनकी के क्षेत्रीय लोगों ने केडीए में 4 नवंबर को पहुंच हंगामा व नारेबाजी की थी, हालांकि पार्टी ने वार्ड से मौजूदा भाजपा से पार्षद व अशोक दुबे की बहू अनुप्रिया दुबे का जिक्र नोटिस में नहीं किया है।
भाजपा उत्तर के जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने पूर्व पार्षद अशोक दुबे (पनकी) को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस में जिला अध्यक्ष ने उल्लेख किया है कि अशोक दुबे ने बिना संगठन को सूचित किए कानपुर विकास प्राधिकरण के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया।
यह कार्य पार्टी अनुशासन के विपरीत है और संगठन की अनुमति के बिना किसी भी प्रकार का सार्वजनिक आंदोलन या प्रदर्शन भाजपा की आचार संहिता के अनुसार अनुचित माना जाता है। जिला अध्यक्ष ने पूर्व पार्षद को नोटिस देकर पूछा है कि “आपको ऐसी क्या आवश्यकता पड़ी कि आपने बिना संगठन को बताए धरना प्रदर्शन किया?”
जिलाध्यक्ष ने साथ से पूर्व पार्षद से कहा है कि एक सप्ताह के अंदर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें, अन्यथा पार्टी इसे अनुशासनहीनता का प्रकरण मानते हुए आवश्यक संगठनात्मक कार्रवाई करेगी। जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने बताया कि नोटिस की प्रति प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, प्रदेश महामंत्री (संगठन), क्षेत्रीय अध्यक्ष, क्षेत्रीय प्रभारी तथा जिला प्रभारी को भी दी गई है।
सोमवार को भी केडीए में किया था हंगामा
पूर्व पार्षद ने केडीए के अमीन रामलाल के खिलाफ सोमवार को सविच अभय कुमार पांडेय के दफ्तर में हंगामा किया था। अशोक दुबे ने सचिव से कहा था कि किसानों की जमीन में हेरफेर की जा रही है। पैसे लेकर मकान बनवाए जाते हैं। बुलडोजर से प्लाटिंग गिराने के मामले में उन्होंने रामलाल के कार्यों की जाँच की मांग की थी। जिसके बाद अब पार्टी ने कार्रवाई की है।
