Bareilly : सुभाषनगर के युवक का दिल्ली में खून से लथपथ मिला शव...परिजन बोले हत्या की गई

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। सुभाषनगर थाना क्षेत्र के रहने वाले एक युवक की दिल्ली में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव खून से लथपथ बरामद हुआ। उधर परिजनों ने दोस्तों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। दिल्ली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। ऐसे में अब घर में केवल दादी और मां बची हैं।

बदायूं रोड स्थित बीडीए कॉलोनी निवासी लकी मखानी (25) नोएडा में नौकरी करता था। वह पिछले आठ दिनों से लापता था। मंगलवार को उसका शव दिल्ली में खून से लथपथ हालत में मिला है। पुलिस उसके दोस्त को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। परिजनों का कहना है कि लकी सोमवार को साढ़े 11 बजे ऑफिस से छुट्टी लेकर निकला था, लेकिन उसके बाद से घर नहीं लौटा। लकी नोएडा सेक्टर-62 की जुबली टेक्नोलॉजी इंडियन प्राइवेट लिमिटेड, ब्लॉक सी-41 में नौकरी करता था। परिवार ने बताया कि उसने अप्रैल में यह नौकरी जॉइन की थी और पिछले छह साल से बाहर रह रहा था। 

लकी के लापता होने के बाद उसकी मां ज्योति देवी ने नोएडा के सेक्टर-58 थाने में 7 नवंबर को गुमशुदगी दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस से अपने बेटे को जल्द खोजने की गुहार लगाई थी। मां ज्योति देवी ने बताया कि बेटे से आखिरी बार बीते मंगलवार सुबह 11:35 बजे फोन पर बात हुई थी। उसी दिन से लकी का कोई सुराग नहीं लगा है। 

इसके पहले रात में वह अपने दोस्त के साथ ड्रिंक पर गया था और दोस्त ने बताया कि उसने लकी को हाइवे पर छोड़ दिया था। लकी के पिता निहाल चंद्र का निधन चार साल पहले हो चुका है। अब घर में उसकी मां ज्योति देवी और 90 साल की दादी गोदावरी देवी ही हैं। दोनों का रो-रोकर बुरा हाल है। लकी की मां ने कहा, चार साल पहले पति को खोया, अब बेटा भी चला गया।

संबंधित समाचार