Bareilly : कैंट और सुभाष नगर में गरजा BDA का बुलडोजर...दो अवैध कॉलोनियां ध्वस्त
बरेली, अमृत विचार। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) का बुलडोजर शहर में अवैध निर्माणों पर गरज रहा है। बुधवार को बीडीए की टीम ने सुभाष नगर और कैंट इलाके में 28 बीघा में विकसित की जा रहीं दो अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त किया।
बीडीए के विशेष कार्याधिकारी अजीत कुमार सिंह ने बताया कि सुभाष नगर के गांव करेली में राम कुमार और ओम प्रकाश वर्मा की ओर से करीब 18 बीघा भूमि पर बिना बीडीए की स्वीकृति के भूखंड चिह्नित कर सड़क, नाली और बाउंड्रीवाल बनाकर कॉलोनी का निर्माण कराया जा रहा था।
जिसे टीम ने ध्वस्त करा दिया। वहीं, टीम ने थाना कैंट क्षेत्र के गांव बुखारा में ओम प्रकाश व अन्य की ओर से 10 बीघा जमीन पर बनाई जा रही अवैध कॉलोनी को भी ध्वस्त करा दिया। टीम में सहायक अभियंता गजेंद्र पाल शर्मा, अवर अभियंता सुरेन्द्र द्विवेदी आदि शामिल रहे।
बीडीए अफसरों का कहना है कि किसी भी भूखंड पर निर्माण या प्लाटिंग करने से पहले प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृति लेना अनिवार्य है। बिना मानचित्र स्वीकृति के की गई प्लाटिंग या भवन निर्माण पूरी तरह अवैध होगा।
