लखनऊ में सर्दी से वन्यजीवों को बचाने की तैयारियों में जुटा चिड़ियाघर प्रशासन, खानपान में बदलाव की तैयारी
लखनऊ, अमृत विचार: सर्दी बढ़ने के साथ ही नवाब वाजिद अली शाह प्राणि उद्यान के खानपान में बदलाव की तैयारी शुरू कर दी गई है। वन्य जीवों के लिए गर्म कपड़ों के साथ बाड़ों में हीटर लगाए जाएंगे। इसके अलावा बंदरों को गुड़, हिरणों को लहसुन, और पक्षियों को दाल खिलाई जाएगी। शाकाहारी जानवरों के बाड़ों में घास की छत और पुआल बिछाया जाएगा।
प्राणि उद्यान निदेशक डॉ. अदिति सिंह ने बताया कि सभी 1128 वन्यजीवों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। सर्दी के प्रभाव से जानवर जल्दी बैचेन हो जाते हैं, इसलिए उनके रहन-सहन से लेकर खानपान तक हर स्तर पर सुधार किया जा रहा है। जैसे ही तापमान मे और गिरावट आएगी तो शेर, बाघ और अन्य संवेदनशील जानवरों के बाड़ों में हीटर और कंबल लगाए जाएंगे।
सांपों जैसे ठंड-संवेदनशील जीवों के लिए भी कंबल और नियंत्रित तापमान का इंतजाम होगा। मांसाहारी जानवरों के शेल्टर में लकड़ी के तख्ते और गर्म फर्श की व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा, पानी में रहने वाले जीवों के लिए पानी रोज बदला जाएगा और अत्यधिक ठंड में कुछ जीवों को अंदर के सुरक्षित शेल्टर में रखा जाएगा। यह सभी व्यवस्थाएं मार्च तक लागू रहेंगी।
