UP: सात माह में बिना टिकट 9469 यात्री पकड़े, 50 लाख लगा जुर्माना

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामपुर, अमृत विचार। रेलवे के अधिकारियों ने ट्रेनों और स्टेशन पर अभियान चलाकर सात माह में 9469 यात्रियों को बिना टिकट पकड़ा है। इसके साथ ही  रेलवे के अधिकारियों ने यात्रियों से 50 लाख 62 हजार 650 रुपये का जुर्माना भी वसूला है। रेलवे अधिकारियों की कार्रवाई से बिना टिकट यात्रा करने वालों के हौसले पस्त हुए हैं। अधिकारियों का कहना है कि चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।

ट्रेनों में कम किराये के साथ ही यात्री बसों को दरकिनार करते हुए ट्रेनों में अधिक सफर करते हैं। काफी संख्या में यात्री सफर में बचत के जुगाड़ में लगे रहते हैं, यात्री ट्रेनों में भीड़ को देखकर बिना टिकट के सफर करने के लिए चढ़ जाते हैं। वह कुछ हद तक इस काम में  सफल भी हो जाते हैं। ट्रेनों में आरक्षण नहीं मिलने पर यात्री सामान्य टिकटों पर यात्रा करते हैं। जनरल का टिकट लेकर एसी और स्लीपर में चढ़ जाते हैं कि मुरादाबाद जाकर ही तो उतरना है,लेकिन उनको यह पता नहीं होता है कि बिना टिकट के चलना कानूनी जुर्म है। 

साल अंत होने के कारण रेलवे के अधिकारी सक्रिय हो गए है। हर ट्रेन में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। उसके बाद बिना टिकट के यात्रा करने वालों पर अधिकारी सक्रिय हो गए है। सात  माह के आंकड़ों पर नजर डाली जाए, तो अप्रैल में ट्रेनों में चेकिंग अभियान में 1510,मई में 1522,जून में 2050, जुलाई में 1001, अगस्त में 1268, सितंबर में  932, अक्टूबर में 1186 बिना टिकट के यात्री पकड़े गए है।

इस  तरह से सात माह में 9469 यात्रियों को बिना टिकट के पकड़ा है। उन पर किराया और पेनल्टी सहित  50 लाख 62 हजार 650 रुपये का जुर्माना डाला गया है। मुख्य टिकट निरीक्षक गोविंद सिंह ज्ञानी ने बताया कि सात माह में बिना टिकट यात्रा करना और ट्रेनों में गंदगी करने वाले यात्रियों पर जुर्माना वसूला गया। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

पुलिसकर्मी भी करते रोजाना अप डाउन
सुबह के समय दिल्ली जाने वाली ट्रेनों में सबसे ज्यादा भीड़ होने के कारण यात्री कई-कई घंटे पहले टिकट लेने के लिए रेलवे स्टेशन पर आ जाते हैं।दिल्ली जाने वाली उत्तरांचल संपर्क क्रांति,इंटरसिटी,आला हजरत में सबसे ज्यादा भीड़ होती है। इसके अलावा मुरादाबाद से रामपुर आफिसों में तैनात बहुत से पुलिसकर्मी भी रोजाना  सियालदा,अवध असम से ट्रेनों से अप डाउन करते हैं जिस कारण से यह पुलिसकर्मी  बिना टिकट के सफर करते हैं,कई बार इन पर भी जुर्माना पड़ जाता है।

बिना टिकट वालों पर चलता रेलवे का डंडा
यात्रियों को बहुत से लोग प्लेटफार्म तक छोड़ने के लिए आते हैं, लेकिन तानाशाही में यह लोग प्लेटफार्म टिकट नहीं लेते हैं। चेकिंग के दौरान  अधिकारियों के शिकंजे में फंसने के कारण चालान कटवा लेते  हैं। इसके अलावा रेलवे स्टेशन पर गंदगी करने के कारण भी काफी लोगों पर टीसी द्वारा जुर्माना डाला जा चुका है क्योकि रेलवे ट्रैक और प्लेटफार्म पर गंदगी करना कानूनी जुर्म हैं।

संबंधित समाचार