अयोध्या में रोडवेज पर मिला लावारिस बैग... हड़कंप, मौके पर बम व डॉग स्कवॉयड ने की जांच
अयोध्या, अमृत विचार। कोतवाली नगर क्षेत्र अंतर्गत सिविल लाइंस स्थित अयोध्या बस स्टेशन के सामने बुधवार दोपहर करीब 12 बजे सड़क पर एक लावारिस बैग मिलने से हड़कंप मच गया। दलबल के साथ पहुंचे चौकी प्रभारी सिविल लाइन अमित कुमार ने तत्काल दोनों तरफ यातायात रोककर वहां से यात्रियों व वाहनों को दूर कराया।
बम व डॉग स्क्वॉयड की टीम ने जांच के बाद बैग को खोला तो उसमें कपड़े, दो जोड़ी जूते, 6053 रुपये नकद व कुछ जेवरात मिले, तब पुलिस ने राहत की सांस ली। इसके चलते करीब 45 मिनट तक वहां अफरा तफरी का माहौल रहा।
पुलिस ने बैग के संबंध में आसपास पूछताछ की तो कुछ पता नहीं चला। चौकी प्रभारी ने बस स्टेशन के अधिकारियों से संपर्क किया व उनसे अनुरोध किया कि बैग मिलने से करीब एक घंटे पूर्व जो भी बस यहां से गुजरी हो, उसके परिचालकों से संपर्क कर यह पता किया जाए कि किसी यात्री का बैग तो नहीं छूटा है। उनकी यह कोशिश रंग लाई, कुछ ही देर में एक बस के परिचालक ने फोन कर बताया कि उनकी बस में बैठे एक यात्री का एक नया बैग छूट गया है।
यात्री की पहचान सिद्धांत सिंह निवासी जनौरा कोतवाली नगर के रूप में हुई। चौकी प्रभारी के अनुसार सिद्धांत ने बताया कि वह अपने परिवार व मित्रों के साथ मां वैष्णो देवी का दर्शन करने जम्मू जा रहे हैं, उनके साथ कुल 10 लोग हैं। उनकी ट्रेन लखनऊ से है, वहां पहुंचने के लिए उन्होंने अयोध्या बस स्टेशन से बस पकड़ी थी। इस दौरान उनका बैग वहीं छूट गया। इसकी सूचना उन्होंने अपने घर पर दी थी। चौकी प्रभारी ने बताया कि सिद्धांत के चाचा आए व बैग लेकर चले गए।
ये भी पढ़े :
यूपी में जीरो पॉवर्टी अभियान को मिशन मोड में पूरा करने के निर्देश, सभी पात्र लाभार्थियों को किया जाएगा चिन्हित
