UP: आजम खां के पैन कार्ड मामले में फैसले पर टिकीं सभी की निगाहें
रामपुर, अमृत विचार। 23 माह के बाद जेल से बाहर आए सपा नेता आजम खां के पैन कार्ड मामले में 17 नवंबर को फैसला आएगा। जिस पर सभी सपाइयों और विरोधियों की निगाहें लगी हुई हैं। दोनों पक्षों की बहस पूरी हो चुकी है। आजम को राहत मिलेगी या फिर से उनके और परिवार की मुसीबतें बढ़ेगी ये फैसले के बाद तय होगा।
दो पैन कार्ड से जुड़े मामले में भाजपा के शहर विधायक आकाश सक्सेना ने छह साल पहले सिविल लाइंस में शिकायत दर्ज कराई थी। भाजपा विधायक ने अब्दुल्ला के अलग-अलग जन्मतिथि से दो पैन कार्ड बनवाने का आरोप लगाया था। जिसमें कहा था कि असत्य एवं कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर पैन कार्ड बनवाया गया। उसके बाद उसका उपयोग में भी लाया गया था। एक पैन कार्ड में जन्मतिथि पहली जनवरी 1993 है।
दूसरे में जन्मतिथि 30 सितंबर 1990 दर्ज है। पुलिस ने जांच पूरी करके आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल कर दिए थे। जिसमें आजम खां भी आरोपी हैं। मौजूद समय में इस मामले की सुनवाई एमपी-एमएलए मजिस्ट्रेट कोर्ट में हो रही है। पिछली तारीखों पर दोनों पक्षों की बहस पूरी हो चुकी है। जिसके बाद कोर्ट ने फैसले के लिए 17 नवंबर की तारीख नियत की है। यह देखना है कि आजम खां की परेशनी कम होगी या फिर उनके लिए 17 नवंबर का दिन मुसीबत भरा होगा। सभी सपाइयों में हलचल मची हुई है। 27 माह के बाद आजम खां सितंबर में जेल से रिहा हुए थे।
आजम खां पर दर्ज हैं 100 केस
आजम खां के ऊपर कुल 100 केस दर्ज हैं। इसमें रामपुर में 93 मामले दर्ज हैं। सभी मामलों में उन्हें जमानत मिल चुकी है। हालांकि आजम खां लगातार कोर्ट में तारीखों पर पेश होते हैं। इसके अलावा वह जब जेल में रहे तो वीसी के जरिए कोर्ट में आया करते थे। दो से सूबे में भाजपा सरकार आई है। तभी से सपा नेता आजम खां दो बार जेल जा चुके हैं।
आजम खां के 12 मामलों में आ चुका फैसला
आजम खां के करीब 12 मामलों में फैसला आ चुका है। 5 मामलों में आजम खां को सजा हो चुकी हैं, जबकि 7 मामलों में बरी मानें तो सजा हो चुकी है। आजम खां के ऊपर भैंस चोरी से लेकर बकरी चोरी, मकानों पर बुलडोजर चलवाने और गवाह को धमकाने तक का आरोप तक लगा हुआ है। हालांकि जब से आजम खां जेल से आए है। तब भी उनको मुकदमों में राहत मिल चुकी है।
फैसला खिलाफ आया तो होगी गिरफ्तारी
17 नवंबर को दो पैन कार्ड मामले में कोर्ट ने सजा सुनाई तो आजम खां व बेटे अब्दुल्ला आजम को गिरफ्तार हो सकते हैं। पुलिस कोर्ट से ही कस्टडी में ले लेगी। वहीं बरी होते हैं तो उनको बड़ी राहत मिलेगी। वकीलों की माने तो दो पैन कार्ड मामले में बरी होना आसान नहीं होगा, लेकिन बचाव पक्ष ने क्या साक्ष्य पेश किए हैं ये देखने की बात होगी।
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तक आ चुके मिलने
सपा नेता आजम खां के जेल से बाहर आने के बाद उनके घर पर मिलने वालों का तांता लगा हुआ है। जिसमें सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ ही कैराना की सांसद इकरा हसन के अलावा काफी सपाई तक इनके घर मिलने आ चुके हैं। पिछले दिनों कानपुर के पूर्व विधायक जेल से रिहा होने के बाद पत्नी के साथ आजम खां से मिलने आए थे।
