गोंडा : तिरंगा यात्रा में कमलेश मिश्रा बोले- नेहरू की गलती को ठीक कर मोदी ने पूरा किया सरदार पटेल का सपना
करनैलगंज/गोंडा, अमृत विचार। सरदार पटेल की 150 वीं जयंती पर शुक्रवार को करनैलगंज विधानसभा क्षेत्र में आयोजित तिरंगा यात्रा कार्यक्रम को संबोधित करते हुआ भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा कांग्रेस पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने अपने कुशल प्रबंधन से देश की तमाम रियासतों का विलय भारत में कराया लेकिन जम्मू कश्मीर की जिम्मेदारी पंडित नेहरू ने ली थी जिसे वह पूरा नहीं कर सके।
पंडित नेहरू ने जम्मू कश्मीर को लेकर जो गलती की थी उसे प्रधानमंत्री मोदी ने ठीक कर सरदार पटेल के सपने को पूरा करने का काम किया है। क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा ने कहा कि पीएम मोदी ने धारा 35 ए को खत्म कर जम्मू कश्मीर से एक देश दो विधान को खत्म करने का काम किया है।
उन्होने सरदार पटेल की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि वह सच्चे मायने में लौह पुरुष थे। इसके पहले सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर करनैलगंज बाजार से भाजपा विधायक अजय सिंह के नेतृत्व में तिरंगा पद यात्रा निकाली गयी।

पद यात्रा में मुख्य अतिथि क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा, डीएम प्रियंका निरंजन, एसडीएन करनैलगंज नेहा मिश्रा, यात्रा संयोजक मनीष सिंह, अनुपम मिश्रा, आशीष त्रिपाठी, राजेश रायचंदानी, राकेश तिवारी, संदीप पांडेय, विद्या भूषण द्विवेदी, शशांक मिश्रा, सूरज सिंह समेत हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता व स्कूली बच्चे शामिल हुए। पांच किमी लंबी तिरंगा के स्वागत के लिए जगह जगह टेंट आदि लगाकर स्वागत की व्यवस्था की गयी थी। पैरोरी चौराहे पर बुलडोजर पर बैठकर यात्रा में शामिल लोगों पर पुष्प वर्षा की गयी।
इसके बाद चकरौत में जनसभा का आयोजन किया गया। जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक अजय सिंह ने कहा कि सरदार पटेल ने देश को एकता में पिरोने का जो कार्य किया वह उनके अतिरिक्त कोई और नहीं कर सकता था।
दिल्ली बम विस्फोट की निंदा करते हुए विधायक ने कहा कि जब जब इस तरह की घटनाएं हुई हैं भाजपा सरकार ने उनका मुंह तोड़ जवाब देने का काम किया है। इस घटना में शामिल लोगों के खिलाफ सरकार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। इस घटना को अंजाम देने वाले लोग बख्शे नहीं जायेंगे। इस दौरान हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता व स्थानीय लोग मौजूद रहे।
