सरकारी अस्पतालों में बढ़ाई गईं दवाएं, नई ड्रग लिस्ट जारी, कुल 397 दवाओं से मिलेगा मुफ्त इलाज
लखनऊ, अमृत विचार: सरकारी अस्पतालों से मिलने वाली मुफ्त दवाओं में कई दवाएं बढ़ाई गई हैं। इसमें आईसीयू, मल्टी विटामिन, सूजन समेत कई अन्य दवाएं शामिल हैं। नई सूची की कई दवाएं अस्पतालों में कॉरपोरेशन के जरिये भेजी गई हैं। एक से दो माह में ड्रग लिस्ट में बढ़ी सभी दवाएं अस्पतालों में मिल जाएंगी।
सरकारी अस्पतालों से मिलने वाली दवा सूची में पहले 297 दवाएं शामिल थी। आईसीयू समेत कई अन्य दवाएं नहीं थी। ऐसे में अस्पताल के जरिये लोकल पर्चेज से इन दवाओं की खरीद होती है। नई सूची में करीब 100 नई दवाएं बढ़ गई हैं। हालांकि नई ईडीएल लिस्ट के अनुपात में सभी दवाएं नहीं मिली है। ड्रग कॉरपोरेशन के जरिये दस नई दवाओं की आपूर्ति किया है। इसमें सूजन व संक्रमण के लिए चाइमोरल, सिरप एंटासिड, विटामिन बी 12 मेथाइल कोबालामिल, विटामिन थाईमिन समेत अन्य दवाओं की आपूर्ति हुई है।
बलरामपुर अस्पताल की निदेशक डॉ. कविता आर्या के मुताबिक, कॉरपोरेशन से दस नई तरह की दवाएं भेजी गई है। जो दवाएं अभी बची हैं वह जल्द अस्पताल में मिल जाएगी। सिविल अस्पताल की निदेशक डॉ. कजरी के मुताबिक, ईडीएल में बढ़ी कई दवाएं अस्पताल में आई है। इससे मरीजों को राहत मिलेगी।
