Bareilly : पुल की रेलिंग तोड़ कार 70 फुट नीचे नदी में गिरी, एक की मौत
बरेली/शीशगढ़, अमृत विचार। शीशगढ़ थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह तेज रफ्तार कार मानपुर गांव के पास अनियंत्रित होकर पुल की लोहे की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 70 फुट नीचे बहगुल नदी किनारे जा गिरी। हादसे में कार सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कार चालक की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार शीशगढ़ के सराय निवासी आदिल (20), कासिम, फरमान, सलमान और गुड्डू शुक्रवार की सुबह कार से मानपुर में कुछ सामान खरीदने के लिए निकले थे। कार को आदिल चला रहा था। शीशगढ़-बहेड़ी मार्ग पर मानपुर से पहले बहगुल नदी के पुल पर चालक कार पर नियंत्रण खो बैठा। कार अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नदी में जा गिरी। हादसे की सूचना पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना देकर बचाव कार्य शुरू कर दिया। पुलिस ने सभी घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा। अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में ही चालक आदिल ने दम तोड़ दिया। आदिल अविवाहित था। वह चार भाई बहनों में दूसरे नंबर का था। इन चारों में गुड्डू की भी हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के दौरान कार उल्टी होकर गिरी, लेकिन गनीमत रही कि चार युवकों की जान बाल-बाल बच गई।
