Ayodhya News: ध्वजारोहण समारोह में लगे 59 डॉक्टर, देवीपाटन और बस्ती से भी आएंगी एंबुलेंस
अयोध्या समेत तीन मंडल के संसाधनों का होगा उपयोग, 50 बेड आरक्षित, 16 अस्थायी शिविर लगेंगे
प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने कसी कमर
अयोध्या, अमृत विचार: राम मंदिर के शिखर पर 25 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भगवा ध्वजारोहण करने के ऐतिहासिक समारोह के लिए स्वास्थ्य विभाग ने पूरी तैयारी कर ली है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए 22 से 26 नवंबर तक 16 अस्थायी स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। अयोध्या मंडल से 59 डॉक्टरों की ड्यूटी इन शिविरों में लगाई गई है। इतने ही फार्मासिस्ट और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को भी तैनात किया गया है। अयोध्या जिले से स्टाफ और गार्ड मिलाकर 22 कर्मियों की ड्यूटी सुनिश्चित की गई है। देवीपाटन और बस्ती मंडल से अतिरिक्त एंबुलेंस मंगाई गई हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता मिल सके।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुशील कुमार बानियान ने शनिवार को बताया कि समारोह के मद्देनजर 50 बेड आरक्षित किए गए हैं। इनमें मेडिकल कॉलेज और जिला चिकित्सालय में 20-20 बेड तथा श्रीराम चिकित्सालय में 10 बेड रिजर्व रहेंगे। इससे श्रद्धालुओं की किसी भी स्वास्थ्य समस्या का तुरंत इलाज संभव हो सकेगा। अनुष्ठान 20 नवंबर से राम मंदिर में शुरू हो जाएगा, जिसके चलते लाखों भक्तों के आने का अनुमान है। स्वास्थ्य विभाग ने कोई कसर नहीं छोड़ी है और पूरी टीम अलर्ट मोड में रहेगी।
अस्थायी स्वास्थ्य शिविरों की स्थापना प्रमुख स्थानों पर की गई है, जहां श्रद्धालुओं की भीड़ अधिक रहने की उम्मीद है। इनमें कंट्रोल रूम, श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर टीम एक से चार तक, हनुमानगढ़ी मंदिर, कंचन भवन, अशफीर भवन, लता मंगेशकर चौक, हनुमानगुफा, एयरपोर्ट, बाग बिजेसी, साकेत डिग्री कॉलेज, कनक भवन मंदिर परिसर, रामसेवकपुरम और वैदेही भवन शामिल हैं। ये शिविर 24 घंटे सक्रिय रहेंगे, जहां डॉक्टर, नर्स और पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद रहेंगे।
कुल 30 एंबुलेंस की होनी है तैनाती
अयोध्या मंडल से 12 एडवांस लाइफ सपोर्ट (एएलएस) और 18 ,108 एंबुलेंस तैनात की जा रही हैं। देवीपाटन मंडल से चार एएलएस एंबुलेंस और बस्ती मंडल से भी चार एएलएस एंबुलेंस मंगाई गई हैं। ये एंबुलेंस कंट्रोल रूम, श्रीराम जन्मभूमि परिसर (ग्रीन हाउस चरण पादुका), परिसर में एसपी सुरक्षा कार्यालय के सामने, हनुमानगढ़ी मंदिर, अशफीर भवन, कनक भवन, लता मंगेशकर चौराहा, हनुमानगुफा, एयरपोर्ट, बाग बिजेसी, साकेत डिग्री कॉलेज, कंचन भवन, रामसेवकपुरम और नागेश्वरनाथ मंदिर के निकट तैनात रहेंगी।
सेफ हाउस के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचे सीएमओ
राम मंदिर में आयोजित होने वाले समारोह में कई वीआईपी का आना संभावित है। इसे लेकर सेफ हाउस भी प्रस्तावित किए जा रहे हैं। सीएमओ डॉ. सुशील कुमार शनिवार को दर्शननगर स्थित राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने प्राचार्य डॉ. सत्यजीत वर्मा के साथ मेडिकल कॉलेज के ट्रामा सेंटर व आरक्षित किए गए वार्डों को देखा। सेफ हाउस को लेकर भी चर्चा की।
इस दौरान चिकित्सा अधीक्षक डॉ. देवाजीत शर्मा, ट्रामा प्रभारी डॉ. विनोद आर्या, डॉ. धीरेंद्र सचान जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. संदीप शुक्ला, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राम मणि शुक्ला व अन्य मौजूद रहे।
