Amroha: हाईवे पर 17 खुले कट दे रहे हादसों को न्योता...लोगों की जा रही जान
गजरौला, अमृत विचार। सिक्सलेन में तब्दील हुए दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर बृजघाट से गजरौला तक 17 छोटे-बड़े अवैध कट बने हैं। इन कटों की वजह से आए दिन हादसे हो रहे हैं, लोगों की जान तक जा रही है। बावजूद इसके जिम्मेदार अधिकारी अंजान बने हैं। बढ़ रहे हादसों से ट्रैफिक पुलिस व एनएचएआई की जिम्मेदारी पर भी सवाल खड़ा हो रहा है।
नेशनल हाईवे पर जाम से मुक्ति दिलवाने के साथ ही लोगों का सफर आसान करने के लिए सिक्सलेन बना ।दरअसल सिक्सलेन में तब्दील हुए हाईवे को सुरक्षित बनाने के लिए डिवाइडर की व्यवस्था है। साथ ही कुछ जगह को चिन्हित कर यू-टर्न बनाए गए हैं। खास बात यह है कि शहर में एक ही कट बनाया गया है जिससे कि वाहन सवार शहर के अंदर आसानी से जा सके लेकिन बृजघाट से गजरौला तक 13 किमी के बीच बने 17 छोटे-बड़े अवैध कट हाईवे की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर रहे हैं। इन कटों से वाहन अचानक से हाईवे पर पहुंचते हैं। जिसके चलते पीछे से स्पीड में आ रहे वाहन की टक्कर लगने पर हादसा हो जाता है। विभा श्रीवास्तव ने एनएचएआई अधिकारियों से बात कर सभी अवैध कटों को बंद करवाने की बात कही।
अवैध कट बनाते हैं होटल संचालक
हाईवे पर संचालित होटल संचालक अवैध कटों को बढ़ावा दे रहे हैं। स्थानीय पुलिस के अलावा एनएचएआई अधिकारी इन अवैध कटों को कई बार बंद कर चुके हैं लेकिन बाद में होटल संचालक सड़क के दोनों ओर मिट्टी डालकर इन कटों को दोबारा बना लेते हैं। लोगों का कहना है कि होटल के सामने बने अवैध कटों को दीवार लगाकर या अन्य कोई व्यवस्था कर पूरी तरह बंद करना चाहिए।
