भोले की नगरी में महादेवा महोत्सव का आरंभ आज... डीएम करेंगे उद्घाटन, पूरी हुई तैयारियां
रामनगर, बाराबंकी, अमृत विचार: पौराणिक तीर्थस्थल लोधेश्वर महादेवा में कल सोमवार से सात दिवसीय महोत्सव का शुभारंभ होगा। परंपरा के अनुसार जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी भगवान लोधेश्वर की पूजा-अर्चना कर महोत्सव का उद्घाटन करेंगे। यहां लगने वाले अगहनी मेले में जहां दूर-दूर से श्रद्धालु जुटेंगे, वहीं सांस्कृतिक पंडाल में सप्तरंगी मंच पर भोजपुरी गायक समर सिंह और शिल्पी राज बालीबुड सिंगर अक्षरा सिंह सहित कई फिल्मी हस्तियां अपना जलवा बिखेरेंगी।
अगहनी मेला के रूप में लोधेश्वर के शिवलिंग का प्रकटोत्सव मनाया जाता है। मान्यता है कि इसी लोधौरा गांव के पं. लोधेराम अवस्थी को खेत में जोताई के दौरान शिवलिंग मिला था। तब से यहां अगहनी मेला लग रहा है और इसे महादेवा महोत्सव का नाम मिल गया। एसडीएम गुंजिता अग्रवाल ने बताया कि महोत्सव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। दोपहर 2 बजे विश्व कल्याण द्वार पर डीएम शशांक त्रिपाठी फीता काटने के बाद मठ में लोधेश्वर की पूजा-अर्चना कर महोत्सव का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद बहार सुगम संगीत एकेडमी एवं कथक नृत्य की प्रस्तुति दी जाएंगी। शाम 5 बजे से भजन संध्या में शांतनु महाराज द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। महादेवा महोत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रम मंदिर के पीछे मेला बाग मैदान में सजे भव्य पंडाल में होंगे। यहां दर्शकों के बैठने के लिए पर्याप्त इंतजाम हैं। मेला में बच्चों को रिझाने के लिए कई प्रकार के झूले लगे हैं। दुकानें सज कर तैयार हैं। सात दिवसीय महोत्सव के दौरान दिन में आयोजित होने वाले आध्यात्मिक, सांस्कृतिक, सेहत, शिक्षा, खेल-कूद और ग्रामीण विकास जैसी थीम पर विभिन्न कार्यक्रम होंगे।
12.png)
40 फीट ऊंची होगी अमरनाथ की गुफा
महोत्सव को भव्य व दिव्य बनाने के लिए मेला मैदान में नवदुर्गा जागरण समिति रानीगंज के अध्यक्ष पूर्व ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि ज्ञानू सिंह व महामंत्री दुर्गेश मिश्रा के अथक प्रयासों से 200 फिट लंबे पहाड़ पर 40 फीट ऊंची अमरनाथ की गुफा बनाई गयी है। जिस पर भोले बाबा की मूर्ति विराजमान रहेगी। श्रद्धालु गुफा के अंदर बर्फ से बने अद्भुत शिवलिंग का दर्शन करेंगे।
सीसीटीवी और ड्रोन से होगी निगरानी
महादेवा महोत्सव में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इसके लिए करीब आधा दर्जन सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। जिनके द्वारा अफसर मेले पर नजर रखेंगे। इसके अलावा करीब दो दर्जन सीसीटीवी कैमरा और ड्रोन से भी महोत्सव के चप्पे चप्पे की निगरानी होगी। सुरक्षा व्यवस्था में 4 सीओ, 10 इंस्पेक्टर, 50 सब इंस्पेक्टर, 110 कांस्टेबल व हेड कांस्टेबल, 45 महिला कांस्टेबल, 30 होमगार्ड, ट्रैफिक पुलिस के 10 जवान, अपराध निरोधक दस्ता की टीम, फायर ब्रिगेड व एम्बुलेंस तैनात रहेंगी। थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि पांच बैरियर लगाये गए हैं। महोत्सव के लिए पार्किंग स्थल और दो इंट्री गेट रहेंगे। एक गेट से वीआईपी इंट्री होगी। जबकि दूसरा गेट दर्शकों के लिए होगा।
11.png)
सरकारी योजनाओं के स्टॉल भी
महादेवा महोत्सव के जरिए लोगों को सरकारी योजनाओं से भी रूबरू कराया जाएगा। मेला परिसर में लगने वाले राजस्व विभाग, शिक्षा, स्वास्थ, कृषि, समाज कल्याण, स्वच्छ भारत मिशन और उद्यान समेत अन्य विभागों से संबंधित 22 स्टाल पर लोगों को सरकार के स्तर पर संचालित कल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। इन पर कर्मचारियों की तैनाती की गई है। साथ ही मोटे अनाज से बने व्यंजनों का स्वाद भी चखने को मिलेगा
