कूड़े के साथ अपनी सड़क उठा ले गया नगर निगम... हुआ 20 फीट लंबा, तीन फीट चौड़ा और ढाई फिट गहरा हुआ गड्ढा
अब इस पर कूड़ा डाल ढकी जा रही गड्ढे की गहराई और लंबाई
लखनऊ, अमृत विचार : गुणवत्ता विहीन सड़कों के निर्माण कार्य कराने को लेकर नगर निगम आए दिन चर्चा में रहता है। अब पड़ावघर के बाहर जेसीबी लोडर कूड़ा उठाते-उठाते अपनी सड़क खोदकर उठा ले गया। मुख्य मार्ग पर करीब 20 फीट लंबा, तीन फीट चौड़ा और तीन फीट गहरा गड्ढा बन गया है। इसी उखड़ी सड़क पर लंबी दूरी पर कूड़ा पड़ा होने से वाहन सवार अक्सर गड्ढे में फंस जाते हैं।
पिकनिक स्पॉट रोड स्थित रहीम नगर चौराहे के पास पड़ाव घर है। यहीं सड़क पर गड्ढा हो गया है। उसी में कूड़ा डाला जा रहा है। गड्ढे वाले कूड़ाघर के बाहर दिन भर मवेशियों का जमावड़ा लगता है। इस जगह सड़क संकरी हो जाने से शाम के समय लोग जाम से जूझते हैं। कूड़ा होने के चक्कर में वाहन सवार धोखा खाकर गड्ढे में फंस जाते हैं। असावधानी उन्हें चोटिल करती है। कई बार इसमें आवारा पशु भी गिर चुके हैं। मुख्य मार्ग पर ही गंदगी और जाम से क्षेत्रीय व्यापारी भी परेशान हैं। उनका कहना है कि कई बार शिकायत के बाद भी पड़ाव घर से नगर निगम के कर्मचारी समय से कूड़ा नहीं उठाते हैं। ऊपर से नगर निगम की गाड़ियां इसी गड्ढे को कूड़े से पाटकर चलती बनती हैं।
विषय संज्ञान में आ गया है। संबंधित संस्था पर कार्रवाई की जाएगी। भविष्य में यह सुनिश्चित किया जाएगा कि इस प्रकार की प्रक्रिया पर रोक लगाई जाए। लगातार संस्था की मानीटरिंग की जा रही है। आवश्यकतानुसार जुर्माना लगाया जा रहा है।
मनोज कुमार यादव, जोनल सेनेटरी ऑफिसर जोन 3, लखनऊ नगर निगम
