UP: बरात में आ धमकी प्रेमिका तो उड़ा दूल्हे के सेहरे का रंग...हंगामे के बाद जाना पड़ा हवालात
सैदनगली, अमृत विचार। थाना सैदनगली क्षेत्र के कस्बा ढक्का में शादी के माहौल में खलल पड़ गया। प्रेमिका ने हंगामा करने के बाद दूल्हा बने अपने प्रेमी को जेल पहुंचा दिया।
दरअसल सोमवार की शाम हापुड़ जनपद के थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव मूदाफरा से अफसार पुत्र असरार की बरात ढक्का पहुंची । दूल्हे का स्वागत हो रहा था, तभी उसकी प्रेमिका मौके पर पहुंच गई। प्रेमिका ने आते ही हंगामा शुरू कर दिया। फिर 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी और दावा किया कि दूल्हे के साथ उसका पिछले छह साल से प्रेम संबंध है। बरात में अचानक हुए इस हंगामे के चलते दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया।
प्रेमिका कई घंटे मौके पर ड्रामा करती रही। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सैद नंगली थाने से पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस दूल्हे अफसार और उसकी प्रेमिका को थाने ले गई ई। थाने में दोनों पक्षों के बीच कई घंटों तक पंचायत चली। थाना प्रभारी विकास शहरावत ने बताया कि मामला संज्ञान में है। दोनों पक्षों को थाने लाया गया है। जांच के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
