अमेठी में पति बना हैवान! पारिवारिक विवाद में पिटाई के बाद काटी पत्नी की नाक, एम्स में भर्ती
शुकुल बाजार/अमेठी। थाना क्षेत्र में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक पति पर अपनी पत्नी को बुरी तरह से पीटकर उसकी नाक काटने (अंग-भंग करने) का गंभीर आरोप लगा है। घायल महिला को गंभीर हालत में इलाज के लिए जिला अस्पताल गौरीगंज रेफर किया गया, जहाँ से उसे रायबरेली एम्स के किसी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है।
आपसी कहासुनी बनी वारदात की वजह प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहनगंज थाना क्षेत्र के राजा फत्तेपुर निवासी लीलावती साहू की बेटी सुनीता साहू (लगभग 30 वर्ष) का विवाह लगभग 10 वर्ष पूर्व बाजार शुक्ल थाना क्षेत्र के दक्विनगाँव (पूरे लई दुबे) निवासी राजेंद्र साहू से हुआ था। दंपति के तीन नाबालिग बच्चे हैं।
सुनीता साहू की माँ लीलावती द्वारा पुलिस को दिए गए एक लिखित तहरीर के मुताबिक, यह घटना सोमवार को शाम लगभग 4 बजे हुई। आपसी कहासुनी के दौरान पति राजेंद्र साहू ने पहले अपनी पत्नी सुनीता को गाली दी और लात-घूँसों से बुरी तरह मारा-पीटा। आरोप है कि इसके बाद उसने क्रूरता दिखाते हुए हँसिये या धारदार हथियार से पत्नी की नाक को काटकर शरीर से अलग कर दिया जिसे इलाज के लिए एम्स रायबरेली किया गया है।
गंभीर रूप से घायल सुनीता साहू को आनन-फानन में स्थानीय लोग इलाज के लिए सीएचसी बाजार शुक्ल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल गौरीगंज, अमेठी रेफर कर दिया। वर्तमान में महिला का इलाज रायबरेली एम्स में चल रहा है।
पीड़िता की माँ ने पुलिस को लिखित सूचना देकर आरोपी पति राजेंद्र साहू के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्यवाही करने की माँग की है। विवेक वर्मा ने बताया कि महिला की माँ की तहरीर मिली है। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल प्राथमिकी रिपोर्ट दर्ज की जाएगी आरोपी पति को पकड़ने के लिए टीम गठित कर दी गई है। मामले की जाँच जारी है और घायल महिला का बयान दर्ज करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
