अयोध्या तक पहुंची दिल्ली बम धमाके की जांच... मास्टर माइंड डॉ. शाहीन के भाई डॉ. परवेज ने यहीं की थी इंटर्नशिप

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

50 से अधिक लोगों की कुंडली खंगाल रही एनआईए और एटीएस की टीम

लखनऊ, अमृत विचार: दिल्ली लाल किला मेट्रो स्टेशन के बाहर हुए बम धमाके की जांच में एनआईए को अहम सुराग मिले हैं। जांच का दायरा लखनऊ के बाद अयोध्या तक पहुंच गया है। एनआईए और एटीएस की जांच में सामने आया कि बम कांड की मास्टर माइंड डॉ. शाहीन शाहिद के भाई डॉ. परवेज ने मेडिकल की पढ़ाई के बाद 2010 में अयोध्या में इंटर्नशिप की थी। इसके आधार पर एनआईए और एटीएस की एक टीम डॉ. परवेज के संपर्क में आने वाले लोगों की कुंडली खंगालने के लिए निकल गई है। जांच एजेंसियां 50 से अधिक लोगों की कुंडली खंगाली जा रही हैं।

बम धमाके की जांच में कई राज खुलने पर एटीएस ने लखनऊ के एरा मेडिकल कॉलेज में डॉ. निसार से पूछताछ की। डॉक्टर परवेज अंसारी और डॉ. निसार ने कानपुर स्थित जीवीएसएम (गणेश शंकर विद्यार्थी मेमोरियल) मेडिकल कॉलेज से पढ़ाई की है। एटीएस वर्ष 2013-14 के दौरान कॉलेज में पढ़ने वाले सभी डॉक्टरों से संपर्क कर रही है। उनके बारे में जानकारी भी जुटा रही है। डॉ. परवेज से साथ पढ़ने वाले डॉक्टरों का कनेक्शन खंगाला जा रहा है। पूछताछ में एटीएस ने डॉ. निसार से डॉ. परवेज और उसके करीबी दोस्तों के बारे में जानकारी मांगी। जांच एजेंसियां डॉ. परवेज के नेटवर्क के बारे में पूरी जानकारी हासिल करना चाहती हैं। कॉलेज में फैले उसके नेटवर्क की डिटेल जुटा रही हैं।

अहम सुराग हाथ लगने के बाद एनआईए की टीम अब अयोध्या जाने की तैयारी कर रही है। दस्तावेजों की जांच में पता चला है कि डॉ. परवेज ने अमीरुद्दौला इस्लामिया इंटर कॉलेज लखनऊ से वर्ष 1999 में हाई स्कूल और 2001 में इंटरमीडिएट प्रथम श्रेणी में पास किया था। इसके बाद एमबीबीएस में चयन होने पर उसने वर्ष 2004 में एरा मेडिकल कॉलेज में दाखिला लिया। 2010 में अयोध्या के एक अस्पताल में इंटर्नशिप की थी। इस दौरान उसका कई लोगों से संपर्क हुआ था। इसी आधार पर एनआईए उसके अयोध्या कनेक्शन की जांच करना जरूरी समझ रही है। साथ ही दिल्ली धमाके से जुड़े तार जोड़ने के लिए अहम साक्ष्य तलाश करेगी। उत्तर प्रदेश की डॉ. शाहीन शाहिद का नाम सामने आने के बाद एजेंसियां इस केस को बेहद गंभीर मानते हुए कॉलेज के पुराने रिकॉर्ड, स्टाफ डेटा और छात्र सूची की गहन जांच कर रही हैं।

संबंधित समाचार