Bareilly: जिले में 3835 मतदेय स्थल और 1940 मतदान केंद्र बनाने का प्रस्ताव
बरेली, अमृत विचार। जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश सिंह ने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ मतदेय स्थलों के संभाजन के संबंध में बैठक की। कलेक्ट्रेट के सभागार में मंगलवार को हुई बैठक में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की आपत्तियों एवं सुझावों पर चर्चा कर उनका निस्तारण किया गया। इसके बाद जनपद के प्रस्तावित मतदेय स्थलों की सूची जनप्रतिनिधियों के साथ राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई गई। जनपद में 3835 मतदेय स्थल और 1940 मतदान केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं, जबकि वर्तमान में 3499 मतदेय स्थल व 1931 मतदान केंद्र हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को जानकारी दी कि नये मतदेय स्थल बनाने या वर्तमान मतदेय स्थलों के पुनर्गठन के दौरान आयोग के निर्देशों का अनुपालन किया गया है ताकि किसी भी परिवार के लोग अलग-अलग स्थानों में विभक्त ना हों, बल्कि एक ही सेक्शन और स्थान पर उनके वोट रहें और वोट डालने के लिए दो किलोमीटर से ज्यादा की दूरी न तय करनी पड़े।
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को बताया गया कि मतदाताओं की सुविधा के लिए 1200 से अधिक मतदाता वाले मतदेय स्थलों को विभाजित कर नये मतदेय स्थल बनाए हैं। मतदेयस्थलों की सूची का प्रकाशन 10 नवंबर को किया गया था। सांसदों, विधायकों एवं राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को सूची उपलब्ध कराने के साथ आपत्ति व सुझाव 18 नवम्बर तक मांगे गए थे।
बैठक में सांसद व राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों संग मतदेयस्थलों के संभाजन के संबंध में चर्चा की गयी। सुझावों और शिकायतों के निस्तारण के बाद सूची को अंतिम रूप दिया जायेगा। बैठक में सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, एससी-एसटी आयोग के सदस्य उमेश कठेरिया, सपा जिलाध्यक्ष शिव चरण कश्यप, कांग्रेस जिलाध्यक्ष अशफाक सकलैनी के अलावा उप जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री आदि अधिकारी उपस्थित रहे।
विधानसभावार प्रस्तावित किए गए मतदेय स्थल व मतदान केंद्र
आयोग के निर्देश पर मतदेय स्थलों का सम्भाजन किया गया है। इसमें विधानसभा बहेड़ी में 442 मतदेयस्थल और 285 मतदान केंद्र, मीरगंज में 444 मतदेय स्थल, 238 मतदान केंद्र, भोजीपुरा में 463 मतदेय स्थल, 259 मतदान केंद्र, नवाबगंज में 392 मतदेय स्थल, 240 मतदान केंद्र, नवाबगंज में 392 मतदेय स्थल, 240 मतदान केंद्र, फरीदपुर में 241 मतदेय स्थल, 410 मतदान केंद्र, बिथरी चैनपुर में 465 मतदेय स्थल, 263 मतदान केंद्र, बरेली में 456 मतदेय स्थल, 108 मतदान केंद्र, बरेली कैंट में 384 मतदेय स्थल, 96 मतदान केंद्र, आंवला में 379 मतदेय स्थल, 210 मतदान केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं।
