Barabanki Crime News: महिला से सरेआम छेड़छाड़, बच्चा छीनने की कोशिश, भीड़ ने युवक को पकड़कर पुलिस को सौंपा
बाराबंकी, अमृत विचार। शहर में एक युवती का पीछा कर शोहदे ने उससे छेड़छाड़ करने के साथ ही बच्चा छीनने की काेशिश की हालांकि भीड़ ने युवक को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। एक अन्य घटना में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि व साथियों पर महिला ने छेड़छाड़ व रेप का प्रयास करने का मामला दर्ज कराया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र में बंकी कस्बा निवासी महिला ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 14 नवंबर की शाम अपने ढाई वर्षीय नाती के साथ लौटते समय एक युवक ने ऑटो में उनके साथ छेड़छाड़, अभद्रता और धमकी दी। पटेल चौराहा पर उतरने पर युवक ने उनके नाती को गोद में उठाकर भागने की कोशिश की, लेकिन महिला ने पीछा कर बच्चे को छुड़ा लिया।
तीन दिन बाद लौटते समय वही युवक फिर मिला और बच्चे को छीनने का प्रयास किया। शोर मचाने पर भीड़ ने आरोपी रिषभ गुप्ता पुत्र राजकुमार गुप्ता निवासी रसौली थाना सफदरगंज को पकड़ लिया। रामनगर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली दलित महिला ने ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राकेश कुमार, शिवपाल पुत्र कन्हैय्या लाल और उत्तम वर्मा पुत्र रामपाल वर्मा पर घर में घुसकर छेड़छाड़, कपड़े फाड़ने और बलात्कार का प्रयास करने का आरोप लगाया है।
पीड़िता के अनुसार उसके पति को भी आरोपियों ने धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया। थाना मसौली क्षेत्र में 17 नवंबर की शाम फतेहपुर से लौट रही युवती से आरोपी जितेन्द्र कुमार रावत ने रास्ते में रोककर छेड़छाड़ की और विरोध करने पर थप्पड़ मारकर घायल कर दिया। तीनों मामलों की रिपोर्ट पुलिस में दर्ज कराई गई है।
अश्लील फोटो, वीडियो बना सोशल मीडिया पर किये वायरल
सोशल मीडिया का दुरुपयोग करने के लगातार बढ़ते मामलों में दो और घटनाएं जुड़ गईं। एक मामले में फर्जी आईडी बनाकर युवतियों के स्क्रीनशाट वायरल किए गए तो दूसरे मामले में स्कूल के छात्रों ने अश्लील टिप्पणी करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर डाले हैं। पहला मामला सतरिख थाना क्षेत्र के एक गांव का है, जहां किसी अज्ञात व्यक्ति ने इंस्टाग्राम पर एक नाम से फर्जी आईडी बनाकर गांव की लड़कियों की फोटो वायरल कर दीं।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपी ने एक लड़की की फोटो लगाकर फर्जी प्रोफ़ाइल बनाई और उनके घर की युवतियों के स्क्रीनशॉट लेकर अश्लील गानों के साथ सोशल मीडिया पर प्रसारित कर रहा है। साथ ही युवतियों के फोन पर गंदे वीडियो और आपत्तिजनक मैसेज भेजे जा रहे हैं, जिससे परिवार दहशत में है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अभियोग पंजीकृत कर साइबर सेल की मदद से आरोपी की पहचान शुरू कर दी है।
दूसरा मामला दरियाबाद थाना क्षेत्र का है, जहां एक कॉलेज के प्रधानाचार्य ने चार छात्रों पर छात्राओं के बारे में अश्लील टिप्पणियां कर उनका वीडियो वायरल करने का आरोप लगाया है। आरोपित छात्रों में मो. आसिफ, मो. सूफियान, राकिब अली और मो. रूम्मान आसिफ के नाम शामिल हैं। प्रधानाचार्य की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दीवार काट घर से हजारों के जेवरात, नकदी पार
टिकैतनगर: टिकैतनगर थाना क्षेत्र के बघौली गांव में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक महिला के घर में पीछे से दीवार काटकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर हजारों के जेवर व नकदी साथ ले गए। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। गांव की महिला गुलाबकला पत्नी स्व. रामदेव रावत ने बताया कि वह रात में खाना-पीना खाकर सो गई थीं।
इसी दौरान चोरों ने घर के पीछे की दीवार काटकर चोरी की। चोरों ने अंदर रखी अलमारी और बक्से का ताला तोड़कर मंगलसूत्र, तीन ठप्पा, एक जोड़ी पायल, नथुनी, एक जोड़ी झुमकी, मांग बेंदी, तीन ठप्पा माला, हाफ पेटी, पायजेब, हाथफूल सहित जेवरात और करीब 11 हजार रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया। सुबह लगभग 6 बजे जब पीड़िता की नींद खुली तो घर का सामान बिखरा मिला और पीछे की दीवार कटी हुई थी। उसने तत्काल 112 नंबर पुलिस को घटना की सूचना दी। मामले की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
फर्जी मुहर–हस्ताक्षर से बॉन्ड बनवाने का प्रयास
बाराबंकी: एलआईसी कार्यालय बाराबंकी में फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। मूल पालिसी होते हुए भी एजेंट के फर्जी मुहर हस्ताक्षर बनाकर डुप्लीकेट बांड के लिए आवेदन किया गया। देवा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पटना निवासी घनश्याम पुत्र रामसूरत एलआईसी में अभिकर्ता के रूप में कार्यरत हैं, ने कोतवाली नगर में तहरीर देकर बताया कि 17 नवंबर को एलआईसी ऑफिस में कार्यालय में फीडिंग कार्य करने वाली कर्मचारी ने उन्हें सूचना दी कि सिद्धांत सिंह पुत्र स्वर्गीय प्रदीप कुमार सिंह निवासी पटेल नगर दशहरा बाग द्वारा पॉलिसी व अभिकर्ता कोड से जुड़ी मूल पॉलिसी बॉन्ड उनके पास उपलब्ध होने के बावजूद डुप्लीकेट बॉन्ड बनवाने हेतु आवेदन किया गया है।
आवेदन के साथ लगे लोन फॉर्म में एलआईसी एजेंट घनश्याम की फर्जी मुहर और हस्ताक्षर पाए गए। साथ ही पॉलिसीधारक स्नेहलता सिंह के हस्ताक्षर भी संदिग्ध मिले। एजेंट की ओर से हस्ताक्षर व मुहर की जांच कराने पर वे फर्जी निकले। घनश्याम ने मामले में फर्जी दस्तावेज तैयार करने, हस्ताक्षर की जालसाजी और डुप्लीकेट बॉन्ड के अनुचित प्रयास पर रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
