UP: रिश्वत लेते मत्स्य निरीक्षक रंगे हाथों गिरफ्तार, मछुआरा समिति पंजीकरण के नाम पर मांग रहा था 1 लाख 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शाहजहांपुर, अमृत विचार। विजिलेंस टीम ने मत्स्य विभाग के निरीक्षक को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। आरोप है कि वह मछुआरा समिति के पंजीकरण की प्रक्रिया में मदद के नाम पर एक लाख रुपये की अवैध मांग कर रहा था। बड़ी रकम की मांग से परेशान पीड़ित ने इसकी शिकायत सीधे विजिलेंस कार्यालय में की, जिसके बाद कार्रवाई को अंजाम दिया गया।रोशनपुर, ददरौल निवासी मुकेश कश्यप ने मछुआरा समिति के पंजीकरण के लिए मत्स्य विभाग का दरवाजा खटखटाया था। 

उनकी बात निरीक्षक संजीव कुमार से हुई, जिन पर आरोप है कि उन्होंने प्रक्रियागत मदद के बदले भारी रकम की मांग रखी। कई बार अनुरोध करने के बावजूद अधिकारी रकम कम करने को तैयार नहीं हुआ और अंत में 80 हजार रुपये पर बात तय हुई। मुकेश कश्यप, जो निषाद पार्टी से भी जुड़े हैं, ने इसकी शिकायत विजिलेंस को भेजी। शिकायत की जांच के बाद बुधवार को टीम शाहजहांपुर पहुंची और एसपी ऑफिस के पास स्थित एक होटल के बाहर टीम ने घेराबंदी की। तय समय पर दोनों पक्ष होटल के बाहर मिले। 

पीड़ित ने 20 हजार रुपये की पहली किश्त निरीक्षक को सौंपी। बताया गया कि निरीक्षक ने रकम हाथ में लेने की बजाय सीधे पैंट की जेब में रखने को कहा। जैसे ही उसने नोट जेब में डाले, एंटी करप्शन टीम ने मौके पर ही उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद टीम उसे अपने साथ लेकर बरेली की ओर रवाना हुई और रास्ते में तिलहर थाने में आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की। एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि यह कार्रवाई बरेली विजिलेंस टीम द्वारा की गई है। निरीक्षक को रिश्वत लेते पकड़ा गया है और आगामी सभी विधिक कार्रवाई वहीं से की जाएगी।

संबंधित समाचार