Moradabad: टोरेंट गैस की पाइपलाइन से रिसाव होने की आशंका, हवा के साथ फैली गंध तो लोग सहमे
मुरादाबाद, अमृत विचार। सिविल लाइन थाना क्षेत्र की राम आश्रम कॉलोनी कॉलोनी में पिछले कई दिनों से गैस की तीखी गंध से स्थानीय निवासी परेशान और सहमे हैं। उनका कहना है कि बदबू लगातार बढ़ रही है, जिससे हादसे की आशंका है।
राम आश्रम कॉलोनी में रहने वाले राकेश सिंह ने बताया कि बताया कि पिछले 15 दिन से सुबह- शाम गैस जैसी गंध महसूस हो रही है। लगता है कि क्षेत्र में लगी टोरेंट गैस की पाइपलाइन से रिसाव हो रहा है। हालांकि अभी तक गैस कंपनी या प्रशासन की ओर से कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।
हालांकि महिलाएं अपनी रसोई का गैस का सिलेंडर चेक कर संतुष्ट होने में लगी हैं। गैस फैलते ही लोग घरों के बाहर निकलकर संभावित खतरे को लेकर आपस में चर्चा करते नजर आए। बुजुर्गों और छोटे बच्चों को लेकर परिवारों में चिंता का माहौल बना हुआ है इस को लेकर वहां आस पास रहने वाले 100 से अधिक परिवार का कहना है कि किसी कोई बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता है।
राम आश्रम कॉलोनी के रहने वाले संदीप वर्मा ने बताया कि 15-20 दिनों से गैस के रिसाव होना महसूस किया जा रहा है। शुरू में शाम के वक्त घर आते ही गैस की गंध उड़ती महसूस हुई तो घर की रसोई में रखे सिलेंडर और घर में स्पेयर में रखे सिलेंडर चेक किए, मोहल्ले वालों से गैस रिसाव होने पर चर्चा की लेकिन सब के घरों मे सब कुछ ठीक मिला।
राम आश्रम कॉलोनी निवासी शालिनी सिंह के मुताबिक शुरू शुरू में तो सुबह शाम गैस का रिसाव हल्का था,लेकिन अब एक सप्ताह से बहुत अधिक हो गया है। सुबह 12 बजे तक और शाम को सात बजे से रात 11 बजे तक गैस का रिसाव तेज हो गया है। ऐसे में किसी बड़े हादसा होने का खतरा लगा रहता है।
एडीएम सिटी ज्योति सिंह ने बताया कि कॉलोनी में पिछले 15 दिन गैस के तेजी से बढ़ते रिसाव की सूचना मिली है। गुरुवार को संबंधित अधिकारी कर्मचारी को भेजकर चेक कराया जाएगा। यदि रिसाव होता मिला तो उसे तुरंत सही कराया जाएगा।
