Bareilly: रेलवे में नौकरी लगवाने के नाम पर 30 लाख ठगे, डीआईजी के आदेश पर FIR
बरेली, अमृत विचार। रेलवे में नौकरी लगवाने के नाम पर शाहजहांपुर के शख्स से जालसाजों ने 30 लाख रुपये ठग लिए। ठग ने उसे रेलवे का फर्जी आई कार्ड और अन्य दस्तावेज दे दिए। युवक ने डीआईजी से मामले की शिकायत की। सुभाषनगर थाना पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
शाहजहांपुर के जलालनगर निवासी सुरेश चंद्र सक्सेना ने बताया कि शिव शंकर मिश्रा निवासी एकता कांप्लेक्स, कपूरदरा पटिया अंकलेश्वर बरुच गुजरात ने रेलवे में नौकरी लगवाने के नाम पर 22 लाख रुपये आरटीजीएस और 8 लाख रुपये नकद सुभाषनगर के राजीव कॉलोनी निवासी शिव शंकर के माध्यम से लिए थे। आरोपियों ने उसके बेटे शिवम सक्सेना का फर्जी रेलवे विभाग का आई कार्ड और नौकरी के अन्य दस्तावेज दिए।
खुद के साथ ठगी का अहसास होने पर उसने आरोपियों को फोन किया तो उनके नंबर बंद जा रहे हैं। जिसके बाद उसने डीआईजी अजय कुमार साहनी से मामले की शिकायत की। डीआईजी के आदेश पर सुभाषनगर पुलिस ने शिव शंकर मिश्रा, राकेश कुमार वर्मा, सुमित और संतोष यादव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।
