रामपुर : ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार दंपती को रौंदा, पति की मौत
मां-बेटा घायल, अस्पताल में कराया भर्ती
रामपुर, अमृत विचार। मंगलवार शाम खजुरिया क्षेत्र के अहरो गांव के पास गन्ने से भरी ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार दंपति को रौंद दिया। मजदूर की मौत हो गई। मां बेटे घायल हो गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया। मजदूर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
खजुरिया थाना क्षेत्र के गांव उधमपुर निवासी 35 वर्षीय वीरपाल पेशे से मजदूर था। परिजनों ने बताया कि वह मंगलवार शाम को करीब 6:30 बजे वह बाइक से पत्नी ऊषा देवी और 7 साल के बेटे विराज के साथ अहरो पर लगने वाले मंगल की बाजार गए थे। वहां से शाम को लौटते समय अहरो गांव के पास पीछे से आ रही गन्ने से भरी ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को टक्कर मार दी। वीरपाल की मौके पर ही मौत हो गई। ऊषा और उसका बेटा विराज दोनों घायल हो गए। हादसे के बाद लोग मौके पर दौड़ पड़े। चालक ट्रैक्टर ट्राली को छोड़कर फरार हो गया। सूचना के बाद पुलिस भी आ गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घायल मां बेटे को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार चल रहा है। हादसे के बाद परिजन अस्पताल पहुंचे। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम हो जाने के बाद शव को लेकर रवाना हो गए।
हादसे के बाद सदमे में परिवार
इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार पर गमों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे के बाद जहां मां और बेटा घायल हैं, ऐसे में तीन बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है। दंपत्ति को तीन बेटी और एक बेटा है, इस हादसे से परिवार सदमे में है। चारों बच्चों अभी अविवाहित है।
सड़कों पर रात के अंधेरे में हो रहे हादसे
रात के समय हाईवे हो या फिर गांव की सड़क हो, गन्ने से भरी ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियां धड़ल्ले से चल रही है। अच्छी लाइट नहीं होने के कारण हादसे हो रहे हैं। ट्रैक्टर ट्राली चालक रास्ते में खड़ा करके फरार हो जाते हैं। पिछले दिनों भी शाहबाद गन्ने से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से हादसा हो गया था। जिसमें दो लोगों की मौत हो गई थी।
