Bareilly : बीडीए-एमएसएमई एमओयू से तेजी पकड़ेगा इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट
बरेली, अमृत विचार। पीलीभीत बाईपास पर नई टाउनशिप के साथ ही बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) इंडस्ट्रियल टाउनशिप विकसित करने पर जोर दे रहा है। टाउनशिप के धरातल पर आने के बाद शहर के विकास के साथ ही रोजगार के भी नये आयाम स्थापित होंगे। वहीं लोगों को इसका व्यापक लाभ हो और प्रक्रिया भी पारदर्शी हो इसके लिए बीडीए अफसर लगातार मंथन कर रहे हैं।
बीडीए अफसरों के अनुसार, एमएसएमई विभाग के सहयोग से विकसित होने वाले औद्योगिक क्षेत्रों से निवेशकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के द्वार खुलेंगे। एमएसएमई नीति 2025 के अंतर्गत बीडीए शहर के अंदर ही औद्योगिक भूखंड और इंडस्ट्रियल शेड्स तैयार करेगा।
इससे एमएसएमई इकाइयों को एक ही जगह पर जमीन, सुविधाएं और अनुमतियां मिल सकेंगी। एमएसएमई सेक्टर के विस्तार के साथ स्थानीय युवाओं को रोजगार के साथ-साथ स्टार्टअप के लिए भी माहौल तैयार होगा। आवंटन, पुनर्नियोजन और हस्तांतरण की प्रक्रियाओं को सरल और पारदर्शी बनाया जाएगा।
बीडीए उपाध्यक्ष मनिकंडन ए ने बताया कि इंडस्ट्रियल टाउनशिप से बरेली को औद्योगिक मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी। एमएसएमई के सहयोग से रोजगार सृजन के साथ ही निवेशकों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलेंगी।
