छठा वार्षिकोत्सव : छह साल का साथ, अटूट विश्वास

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सादर प्रणाम...आज अमृत विचार केवल एक समाचार पत्र नहीं, बल्कि सच और सकारात्मकता की उस यात्रा का प्रतीक है, जिसने आप सभी के अटूट विश्वास के सहारे अपने छह वर्ष सफलतापूर्वक पूरे किए हैं। इस महत्वपूर्ण पड़ाव पर, हम आप सभी का हृदयतल से आभार व्यक्त करते हैं और कोटिशः बधाई देते हैं।

वर्ष 2019 में बरेली की पावन धरा से जब हमने अपनी यात्रा शुरू की थी, तब बाजार में अनेक चुनौतियां थीं, लेकिन हमारे पास एक संकल्प था - पत्रकारिता के उच्चतम मूल्यों को पुनः स्थापित करने का। हमने तय किया था कि हम केवल खबरें नहीं छापेंगे, बल्कि उन खबरों के पीछे का सच सामने लाएंगे, जो समाज को प्रभावित करती हैं। इन छह वर्षों में हमने निष्पक्षता को अपना धर्म बनाया। चाहे वह स्थानीय स्तर की समस्याएं हों या राष्ट्रीय मुद्दे, अमृत ्विचार ने हमेशा बेबाकी से अपनी बात रखी है। नियमित खबरों के साथ साथ पाठकों को अपडेट रखने के लिए सप्ताह में सातों दिन अलग -अलग विषय पर विशेष फीचर पेजों का संयोजन भी किया जा रहा है।

इस यात्रा में कई उतार-चढ़ाव आए, लेकिन आपके समर्थन ने हमें हर चुनौती का डटकर सामना करने की शक्ति दी। आज, बरेली से शुरू हुआ यह कारवां लखनऊ, कानपुर, मुरादाबाद, हल्द्वानी और अयोध्या तक पहुंच चुका है, और यह विस्तार आपके भरोसे का सीधा प्रमाण है। जल्द ही हम अमृत विचार के दिल्ली, देहरादून और मेरठ संस्करण की शुरुआत की दिशा में भी काम कर रहे हैं। 

हमारा मानना है कि पत्रकारिता केवल समस्याओं को उजागर करने तक सीमित नहीं है। हमारा उद्देश्य समाधान-उन्मुख पत्रकारिता करना और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना है। अमृत विचार आगे भी इसी पथ पर चलता रहेगा। हम सनसनीखेज पत्रकारिता से बचते हुए, तथ्यों पर आधारित और चिंतन पूर्ण सामग्री अपने पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हमारा हर शब्द समाज के निर्माण में एक सकारात्मक भूमिका निभाए, यही हमारा लक्ष्य है।

इन छह वर्षों की सफलता ने हमारे हौसलों को और मजबूत किया है। इस अवसर पर, हम यह संकल्प लेते हैं कि अमृत विचार समाचार पत्र को हम पत्रकारिता के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों पर लेकर जाएंगे। तकनीकी रूप से उन्नत होते हुए, हम डिजिटल माध्यमों पर भी अपनी पकड़ मजबूत करेंगे, ताकि हर वर्ग के पाठक तक पहुंच बनाई जा सके। 

हम एक बार फिर अपने पाठकों का, जिन्होंने हमें अपना दैनिक साथी बनाया... अपने विज्ञापनदाताओं का, जिन्होंने हमारे मूल्यों पर भरोसा किया... अपने वितरकों का, जिन्होंने घर-घर तक हमें पहुंचाया और अपने मेहनती कर्मचारियों का, जिन्होंने इस सपने को हकीकत में बदला, हार्दिक आभार व्यक्त करते हैं। आपका विश्वास ही हमारी सबसे बड़ी पूंजी है। हम आपके आभारी हैं और भविष्य में भी इसी जोश और ईमानदारी के साथ आपकी सेवा में तत्पर रहेंगे।

संबंधित समाचार